Trending News

देश और लोकतंत्र की रक्षा के लिए काम करता रहूंगा - राहुल गांधी

[Edited By: Rajendra]

Friday, 5th August , 2022 11:59 am

नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ हुई कार्रवाई से तिलमिलाई कांग्रेस आज महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन कर रही है। दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने कहा कि देश में लोकतंत्र खत्म हो चुका है। रोज लोकतंत्र की हत्या हो रही है। हम महंगाई और बेरोजगारी जैसे आम जनता के मुद्दे उठाना चाहते हैं, लेकिन सरकार हमें दबा रही है। गिरफ्तार कर रही है। बकौल राहुल गांधी, कांग्रेस ने 70 साल में जो बनाया था उसे 8 साल में मोदी सरकार ने ख़त्म कर दिया है। देश में लोकतंत्र की हत्या हो रही है और सब तमाशा देख रहे है हैं।

हम लोकतंत्र की मौत देख रहे हैं। भारत ने लगभग एक सदी पहले से जो बनाया है, वह आपकी आंखों के सामने नष्ट हो रहा है। आज जो कोई भी इस तानाशाही के खिलाफ खड़ा होता है, उस पर शातिर हमला किया जाता है, जेल में डाला जाता है, गिरफ्तार किया जाता है और पीटा जाता है। वो चाहते हैं कि आम लोगों के मुद्दे - चाहे महंगाई, बेरोजगारी, समाज में हिंसा - को नहीं उठाया जाना चाहिए। 4-5 लोगों के हितों की रक्षा के लिए एजेंडा चलाया जा रहा है और यह तानाशाही 2-3 बड़े व्यापारियों के हित में 2 लोगों द्वारा चलाई जा रही है। मेरा काम आरएसएस के विचार का विरोध करना है और मैं इसे करने जा रहा हूं। जितना अधिक मैं यह करूंगा, उतना ही मुझ पर आक्रमण होगा, मुझ पर उतना ही अधिक आक्रमण होगा। मैं खुश हूं, मुझ पर हमला करो।

राहुल गांधी के आरोपों का जवाब देने के लिए भाजपा ने तत्काल प्रेस कॉन्फ्रेंस की। पूर्व कानून मंत्री और वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी को लोकतंत्र की चिंता सता रही है, जिनकी दादी ने देश में इमरेंजसी लगाई थी। कांग्रेस के राज में देश ने लोकतंत्र की हत्या देखी है। कांग्रेस के राज में भ्रष्टाचार हावी था।

दिल्ली पुलिस ने नयी दिल्ली जिले में निषेधाज्ञा लागू होने का हवाला देते हुए शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में कांग्रेस को प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। कांग्रेस की योजना है कि प्रधानमंत्री आवास का घेराव भी किया जाए। आशंका जताई जा रही है कि इस दौरान टकराव की स्थिति बन सकती है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस नेता संसद से राष्ट्रपति भवन तक मार्च और पीएम आवास का घेराव करेंगे। रात से कांग्रेस के नेता दिल्ली पहुंच रहे हैं। कांग्रेस पार्टी के देशव्यापी प्रदर्शन के लिए पार्टी ने दफ़्तर के भीतर पूरा इंतज़ाम किया है. देशभर से महिला और पुरुष कार्यकर्ता बुलाए गए हैं. कांग्रेस दफ़्तर के ग्राउंड में नारेबाज़ी कर कार्यकर्ता माहौल बनाने में लगे हुए हैं। पार्टी मुख्यालय में इनके ठहरने और खाने-पीने की व्यवस्था की गई। रात में कार्यकर्ताओं के रहने और सोने के लिए बाकायदा टेंट लगाया गया था।

इससे पहले नेशनल हेराल्ड मामले में राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे को संसद सत्र के दौरान ईडी द्वारा समन भेजने पर कांग्रेस भड़क गई है। मुख्य विपक्षी पार्टी ने कहा कि जबकि संसद की कार्यवाही चल रही है, ऐसे में खड़गे को समन करना लोकतंत्र का काला अध्याय और विधायिका का अपमान है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट कर कहा कि मोदीशाही का स्तर लगातार गिरता जा रहा है। खुद खड़गे ने भी राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकार कांग्रेस को डराना-धमकाना चाहती है। उन्होंने कहा, पुलिस ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी का आवास घेर लिया है। यदि हम इस तरह काम करेंगे, तो क्या हमारा लोकतंत्र जीवित रहेगा? यह जान-बूझकर हमारा मनोबल गिराने, हमें नष्ट करने और डराने-धमकाने केलिए किया जा रहा है। हम डरेंगे नहीं।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी ईडी की कार्रवाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा। कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से नहीं डरते और उन्हें धमकाकर चुप नहीं कराया जा सकता। संसद के बाहर पत्रकारों से राहुल ने कहा, यह डराने-धमकाने की कोशिश है। हमें धमकाया नहीं जा सकता। राहुल ने कहा, वे जो करना चाहते हैं, उन्हें कर लेने दीजिए। यह कोई मायने नहीं रखता। मैं देश और लोकतंत्र की रक्षा के लिए काम करता रहूंगा।

Latest News

World News