Trending News

लखनऊ विश्वविद्यालय बनायेगा मेधावी छात्र परिषद- जानिये कैसे होगा चयन,क्या होंगे फायदे ?

[Edited By: Vijay]

Friday, 22nd April , 2022 12:44 pm

लखनऊ विश्वविद्यालय में नए सत्र के लिए जल्द ही मेधावी छात्र परिषद का चयन किया जाएगा। इसके लिए विश्वविद्यालय ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने परिषद के चयन के लिए एक समिति का गठन कर दिया है। कमेटी ने परीक्षा विभाग से प्रथम वर्ष एवं दूसरे सेमेस्टर के सभी टापर्स की सूची मांगी है। इसके बाद इन टापर्स का साक्षात्कार, प्रजेंटेशन सहित अन्य प्रक्रिया अपना कर चयन किया जाएगा।

दरअसल, हर साल लखनऊ विश्वविद्यालय एक मेधावी छात्र परिषद का चयन करता है। इसमें चयनित परिसर के सदस्य विश्वविद्यालय के विकास, शैक्षिक स्तर पर सुधार, स्टूडेंट्स वेलफेयर के लिए कार्य करते हैं। साथ ही उन्हें विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों में प्रतिभाग कराते हैं। अब नए सत्र के लिए परिषद के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विश्वविद्यालय की अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर पूनम टंडन ने बताया कि कुलपति ने इसके लिए कमेटी गठित कर दी है। इसमें अधिष्ठाता कला संकाय सहित कई सदस्य शामिल हैं।

interview और प्रजेंटेशन देना होगा : चयन प्रक्रिया के अनुसार, परीक्षा विभाग से प्रथम वर्ष और दूसरे सेमेस्टर के प्रत्येक कोर्स के टापर्स की सूची मांगी गई है। टापर्स को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। इसमें उन्हें विश्वविद्यालय के प्रति अपना विजन बताना होगा। स्टूडेंट वेलफेयर के लिए प्लान बताना होगा। कमेटी की ओर से परिषद के लिए चुने गए विद्यार्थियों की सूची पर कुलपति अनुमोदन देंगे। इसके बाद परिषद की सूची जारी की जाएगी।

छात्र कल्याण और कर्मयोगी योजना के लिए कमेटी तय : लखनऊ विश्वविद्यालय में छात्र कल्याण, कर्मयोगी और कर्मोदय योजना के लिए भी चयन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके लिए अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर पूनम टंडन की अध्यक्षता में कमेटी बना दी गई है। उन्होंने बताया कि छात्र कल्याण में चयनित विद्यार्थी को 15 हजार रुपए की मदद दी जाती है। वहीं, कर्मयोगी छात्रवृत्ति योजना में स्किल के आधार पर चयन किया जाता है।

इसमें 50 दिन कार्य करने पर प्रत्येक चयनित विद्यार्थी को 15 हजार रूपये दिए जाते हैं। इसके अलावा कर्मोदय योजना में इंटर्नशिप की सुविधा होती है। उन्होंने बताया कि कमेटी का गठन हो गया है। आगे की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। छात्र कल्याण और कर्मयोगी योजना के अंतर्गत आवेदन करने वाले विद्यार्थियों से शपथ पत्र मांगा गया है कि उन्हें कोई और छात्रवृत्ति तो नहीं मिल रही है।

Latest News

World News