Trending News

बिहार में 'खेला' नहीं, सामने खड़े डर से बेचैन हैं नीतीश कुमार, लालू यादव ने बढ़ाई सीएम की टेंशन!

[Edited By: Rajendra]

Monday, 2nd October , 2023 01:23 pm

जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह के समय की समाप्ति के संकेत मिलने लगे हैं। जेडीयू में उन्हें दरकिनार किये जाने की आशंका इसलिए जताई जाने लगी है क्योंकि उनकी राय या फैसलों को पार्टी के नेता खुली चुनौती दे रहे हैं। महीने भर से ललन सिंह की सक्रियता भी कम हो गई है। नीतीश कुमार ने ललन सिंह के पहले अपने स्वजातीय और गृह जिले नालंदा के निवासी आरसीपी सिंह को जेडीयू का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया था। बाद में नीतीश ने उनसे इसी तरह दूरी बनानी शुरू की और आखिरकार न सिर्फ राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से उन्हें हटाया, बल्कि बेआबरू कर पार्टी से बाहर का रास्ता भी दिखा दिया था। अब सवाल उठ रहा है किया नीतीश कुमार ने मौन रहकर ही अपना 'ए. एस.' प्लान यानि अशोक चौधरी और संजय झा को ललन सिंह के आगे कर दिया है?

जेडीयू कोटे से नीतीश सरकार में भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी और ललन सिंह में टकराव की स्थिति बनी हुई है। ललन सिंह को कहीं से यह शिकायत मिली थी कि अशोक चौधरी बार-बार अपने पूर्व चुनावी क्षेत्र बरबीघा का दौरा कर रहे हैं। जब भी वे बरबीघा जाते हैं तो वहां उनके करीबी नेताओं का जमावड़ा लगता है। शिकायत यह भी मिली कि चौधरी बरबीघा की राजनीति में दखलंदाजी कर रहे हैं। यह शिकायत वहां के जेडीयू विधायक ने ललन सिंह से की थी। ललन सिंह ने पार्टी आफिस में नीतीश कुमार की मौजूदगी में उन्हें ऐसा करने से मना किया। न सिर्फ दखलंदाजी रोकने की चेतावनी दी, बल्कि उन्हें बरबीघा दौरे पर न जाने की सलाह भी दे डाली। इस पर अशोक चौधरी भड़क गए और साफ कह दिया कि किसी की आवाजाही रोकने वाले आप कौन होते हैं। इस बकझक के दौरान सीएम नीतीश कुमार भी जेडीयू दफ्तर में मौजूद थे, पर उनका कोई रिएक्शन नहीं आया।

अशोक चौधरी ने ललन सिंह की चेतावनी को ठेंगे पर रखा और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार को वे बरबीघा गए। उद्घाटन-शिलान्यास के कार्यक्रमों में शिरकत की। भवन निर्माण विभाग के इंजीनियरों के साथ बैठक की। इस पर ललन सिंह के मन में क्या प्रतिक्रिया हुई होगी, इसका सहज अनुमान लगाया जा सकता है। हालांकि अशोक चौधरी ने एक बात कह कर विवाद को तूल देने के बजाय मामले पर पानी डालने का प्रयास किया। यह भी हो सकता है कि उन्होंने तंज में यह बात कही हो। उन्होंने कहा कि ललन सिंह से उनके मतभेद नहीं हैं। वे उनकी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। वे अगर लेफ्ट या राइट जिधर मुड़ने-चलने को कहेंगे, हम उसका पालन करेंगे। विवाद की बात में रत्ती भर सच्चाई नहीं है।

बिहार में इन दिनों के ओमप्रकाश वाल्मीकि की 80 के दशक में लिखी कविता ‘ठाकुर का कुआं’ पर कोहराम मचा हुआ है। आरजेडी के राज्यसभा सदस्य मनोज झा ने महिला आरक्षण बिल पर बहस के दौरान किसी संदर्भ में इस कविता का पाठ किया तो आरजेडी विधायक चेतन आनंद और उनके पिता वूर्व सांसद आनंद मोहन ने कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की। जेडीयू के एमलसी संजय सिंह ने भी मनोज झा के कविता पाठ पर कड़ा प्रतिवाद किया। हालांकि ललन सिंह ने मनोज झा का बचाव किया। ललन को मनोज झा के काव्य पाठ में कोई गड़बड़ी नहीं दिखी। जैसे ही मनोज झा के बचाव में ललन सिंह का बयान आया, नीतीश कुमार के करीबी मंत्री संजय झा भी कूद पड़े।

संजय झा का कहना है कि इससे एक जाति विशेष के लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। खैर, किसी मुद्दे पर लोगों के विचार अलग हो सकते हैं, लेकिन इसमें तनातनी की बू आने लगी है, क्योंकि ललन सिंह और संजय झा नीतीश कुमार के काफी प्रिय रहे हैं। माना जा रहा है कि नीतीश का मन अब आरसीपी सिंह की तरह ही ललन सिंह से ऊब गया है। वे उन्हें ठिकाने लगाना चाहते हैं। तभी अशोक चौधरी और संजय झा जैसे मंत्रियों ने ललन सिंह की राय को दरकिनार कर दिया है।

जेडीयू के भीतर घमासान की सूचनाएं लगातार आती रही हैं। खासकर उपेंद्र कुशवाहा और आरसीपी सिंह के जेडीयू छोड़ने के बाद। पार्टी के दर्जन भर बड़े नेताओं ने जेडीयू छोड़ दिया है। इनमें कुछ तो कुशवाहा के साथ गए तो अधिकतर ने बीजेपी को नया ठिकाना बनाया। अब इसकी सुगबुगाहट और तेज होने लगी है। उपेंद्र कुशवाहा दावा करते हैं कि जेडीयू के कई और नेता उनके संपर्क में हैं। वे कभी भी पार्टी छोड़ने को तैयार बैठे हैं। जेडीयू खत्म हो जाएगा। लोजपा (आर) के अध्यक्ष चिराग पासवान भी यही कहते हैं। रोहतास में जमुई के सांसद चिराग पासवान ने जदयू के ऊपर बड़ा हमला किया है. उन्होंने दावा किया कि जदयू के कई नेता उनके संपर्क में हैं. आज की तारीख में जनता दल यूनाइटेड सीएम नीतीश कुमार के हाथ से निकल चुका है।

उधर, जेडीयू को लेकर दो बड़े नेताओं का बयान सामने आया है। नीतीश के करीबी आरसीपी सिंह ने नालंदा के एक कार्यक्रम में बड़ी बात कही है। आरसीपी ने कहा कि इससे बड़ी शर्म की बात क्या होगी कि सीएम के सामने पार्टी के दो नेता आपस में बकझक करने लगें। उन्होंने कहा कि जेडीयू पूरी तरह बर्बाद हो गई है। जेडीयू डूब गई है। पार्टी का विधायक कहता है कि सरकार के मंत्री उसकी हत्या करा सकते हैं। इससे बड़ी बेशर्मी की बात क्या होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी की अभी और दुर्गति लिखी हुई है। बहुत जल्द इसका भी परिणाम सामने आ जाएगा। उधर, सासाराम पहुंच उपेंद्र कुशवाहा ने कहा है कि जेडीयू बड़ी टूट का शिकार हो गई है। उसके कई नेता उनकी पार्टी के संपर्क में हैं। लालू यादव एक सूत्र से अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाने के चक्कर में लगे हुए हैं। वहीं उन्होंने ये भी कहा कि नीतीश कुमार कभी भी प्रधानमंत्री नहीं बन सकते हैं। ध्यान रहे कि अभी हाल में रणवीर नंदन जैसे पुराने नेता ने पार्टी छोड़ी है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार सियासी सफोकेशन के शिकार हो रहे हैं। वो आरजेडी नेता ललन सिंह और लालू यादव के बीच फंस गए हैं। रणवीर नंदन ने कहा कि मैं जानबूझकर ललन सिंह को आरजेडी नेता बता रहा हूं।

ललन सिंह की जिस तरह दो मंत्रियों ने उपेक्षा की है, उससे लगता है कि ललन सिंह के दिन अब लद गए हैं। जेडीयू का एक तबका तो उन्हें आरजेडी का आदमी भी बताने लगा है। जेडीयू का यह वही तबका है, जिसे भाजपा से दोस्ती तोड़ना रास नहीं आया। उनका मानना है कि ललन सिंह ने भाजपा से रिश्ते खत्म कराने के अलावा जेडीयू के लिए कुछ नहीं किया है।

भारतीय जनता पार्टी बार-बार कह रही कि जनता दल यूनाईटेड टूटने की कगार पर है, लेकिन पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ऐसी बातों के पीछे विवादों की भी जानकारी नहीं है। सोमवार को गांधी-शास्त्री जयंती पर मुख्यमंत्री के सामने जब मीडिया ने सवाल किया तो उन्होंने बगल में खड़े मंत्री विजय कुमार चौधरी से पूछा, फिर कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। जब उनसे पूछा गया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और मंत्री डॉ. अशोक चौधरी के बीच झंझट हुआ, जबकि दूसरी तरफ मंत्री के खिलाफ जदयू के ही विधायक ने कई आरोप जड़े हैं। इसपर नीतीश चौंक गए।

Latest News

World News