Trending News

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन यात्रा के अंत में प्रेस वार्ता

[Edited By: Rajendra]

Thursday, 22nd June , 2023 01:30 pm

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन गुरुवार को प्रेस, यानी पत्रकारों के सवालों के जवाब देंगे, अमेरिकी राष्ट्रपति भवन व्हाइट हाउस ने इसकी पुष्टि की है, और इसे 'बड़ी बात' करार दिया है।

व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कहा, "हम आभारी हैं कि (भारत के) प्रधानमंत्री (नरेंद्र) मोदी यात्रा के अंत में एक प्रेस कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं। हमें लगता है कि यह महत्वपूर्ण है और हमें खुशी है कि वह भी इसे महत्वपूर्ण मानते हैं। किर्बी ने कहा, प्रेस कॉन्फ्रेंस का फॉरमैट ऐसा है कि उसमें एक प्रश्न अमेरिकी प्रेस से और एक प्रश्न एक भारतीय पत्रकार की ओर से पूछा जाना शामिल होगा।

कभी-कभार दिए गए व्यक्तिगत इंटरव्यू को छोड़ दें, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मीडिया के सवालों का जवाब कभी-कभार ही दिया करते हैं। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद से उन्होंने एक भी प्रेस वार्ता को संबोधित नहीं किया है। विश्वभर के अन्य नेताओं के साथ हुईं व्हाइट हाउस की प्रेस कॉन्फ्रेंसों को अब तक सख्ती से नियंत्रित किया जाता रहा है। रॉयटर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी अधिकारी जो बाइडेन और उनके मेहमान से पूछे जाने के लिए पहले से ही अमेरिकी और विदेशी मीडिया से पत्रकारों को नामित करते हैं, और बहुत सीमित संख्या में सवालों की अनुमति दी जाती है।

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस वक्त अमेरिका की राजकीय यात्रा पर हैं। यह एक दुर्लभ सम्मान है, जो अमेरिका अपने निकटतम सहयोगियों को ही दिया करता है। प्रधानमंत्री ने बुधवार को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भाग लिया और फिर वाशिंगटन डीसी के लिए उड़ान भरी। वहां उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और प्रथम महिला जिल बाइडेन के साथ रात्रिभोज में भाग लिया। गुरुवार शाम को वह अमेरिकी कांग्रेस की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगे। अमेरिकी संसद की संयुक्त बैठक को यह उनका दूसरा संबोधन होगा - ऐसा अवसर अब तक किसी भी भारतीय नेता को नहीं मिला है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका दौरे के दूसरे दिन बुधवार को रात करीब 9 बजे (अमेरिकी समय के मुताबिक) प्राइवेट डिनर के लिए व्हाइट हाउस पहुंचे। यहां राष्ट्रपति बाइडेन और फर्स्ट लेडी ने उनका स्वागत किया। डिनर में भारतीय NSA अजित डोभाल और अमेरिका के NSA जेक सुलिवन मौजूद थे। डिनर मेन्यू में बाइडेन का पसंदीदा पास्ता और आइसक्रीम शामिल थी।

बाइडेन दंपती के प्राइवेट डिनर में पहुंचे PM मोदी ने उन्हें मैसूर के चंदन से बना एक खास बॉक्स गिफ्ट किया, जिसे जयपुर के कारीगरों ने बनाया है। इस बॉक्स के अंदर भगवान गणेश की एक मूर्ति और एक दिये के साथ छोटी-छोटी डिब्बियों में 10 गिफ्ट्स हैं। ये सभी गिफ्ट्स भारतीय परंपरा के मुताबिक तय किए गए हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिका के राष्ट्रपति बाइडेन को दस दानम् की भेंट दी है। दस दानम् के तहत एक हजार फुल मून देखने वाले व्यक्ति को दस चीजें गिफ्ट की जाती हैं। कैलेंडर कैलकुलेशन के मुताबिक किसी भी व्यक्ति की उम्र 80 साल 8 महीने होने पर वह एक हजार पूर्णिमा के चांद (फुल मून) देख चुका होता है। बाइडेन लगभग इसी उम्र के हैं। नवंबर में वे अपना 81वां जन्मदिन मनाएंगे।

PM ने बाइडेन को चंदन की लकड़ी से बने बॉक्स में दस दानम् के प्रतीक दिए हैं। इस बॉक्स के अंदर चांदी के दस छोटे डिब्बे हैं। अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (NSC) के स्ट्रैटेजिक कम्युनिकेशन कॉर्डिनेटर और व्हाइट हाउस प्रवक्ता जॉन किर्बी ने राष्ट्रपति बाइडेन से PM मोदी की होने वाली द्विपक्षीय बैठक पर कहा कि अगले कुछ दिनों में दोनों नेता कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। यह मुलाकात दोनों देशों के बीच अगले 10 से 15 सालों की पार्टनरशिप को परिभाषित करने जा रही है। हम रक्षा सहयोग, साइबर, स्पेस, सप्लाई चेन और क्लाइमेट चेंज जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे।. इससे भारत के साथ द्विपक्षीय संबंध और मजबूत होंगे। हम इसे बहुत उम्मीदें हैं।

Latest News

World News