Trending News

आप नेता संजय सिंह की शराब घोटाले में गिरफ्तारी के बाद दिल्ली में राजनीतिक घमासान छिड़ गया

[Edited By: Rajendra]

Thursday, 5th October , 2023 12:03 pm

आम आदमी पार्टी (आप) नेता संजय सिंह की शराब घोटाले में गिरफ्तारी के बाद दिल्ली में राजनीतिक घमासान छिड़ गया है। आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी ने एक दूसरे पर प्रहार तेज कर दिया है। एक तरफ जहां आम आदमी पार्टी ने गिरफ्तारी के खिलाफ संग्राम छेड़ दिया है तो दूसरी तरफ भाजपा ने भी सड़कों पर उतरकर आप के खिलाफ आक्रामक रुख अपना लिया है। दोनों ही दलों ने एक दूसरे के खिलाफ बड़े प्रदर्शन की तैयारी की है। संजय सिंह के समर्थन में उत्तर प्रदेश से भी बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता जुटे हैं। संजय सिंह को बुधवार को ईडी की छापेमारी के बाद गिरफ्तार किया गया।

आप सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी पर ईडी सूत्रों ने बड़ा दावा किया है कि सरकारी गवाह बने दिनेश अरोड़ा ने संजय सिंह को करोड़ों रुपये दिए थे। ईडी ने संजय सिंह औक दिनेश अरोड़ा के बीच लेन-देन साबित कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, संजय सिंह और दिनेश अरोड़ा के बीच लेन-देने हुआ था। इससे पहले पात्रा ने कहा कि दिनेश अरोड़ा दिल्ली में रेस्टोरेंट चलाते हैं, संजय सिंह ने उनसे कहा था कि चुनाव नजदीक आ रहे हैं और उन्हें पैसे जुटाने हैं। संजय सिंह ने दिनेश अरोड़ा को मनीष सिसोदिया से भी मिलवाया था। दिनेश अरोड़ा ने लाखों रुपये दिए थे। ईडी ने आरोप पत्र में संजय सिंह का नाम दर्ज किया। आप नेताओं ने कहा कि उनका नाम गलती से आरोप पत्र में था। ईडी ने संजय सिंह का नाम चार जगहों पर डाला था, जिसमें से एक टाइपो एरर की वजह से हटा दिया गया।

भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली यूनिट के नेता राजघाट पहुंचे। उन्होंने कहा कि वे अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के दूसरे नेताओं की सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना करने आए हैं। एक तरफ भाजपा नेता आम आदमी पार्टी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं तो दूसरी तरफ आप के नेता भाजपा पर बदले की राजनीति के आरोप लगा रहे हैं। दोनों तरफ से सोशल मीडिया और प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए जा रहे हैं। दिल्ली में 2021-22 की आबकारी नीति में घोटाले का आरोप है। ईडी और सीबीआई का दावा है कि दिल्ली में शराब कारोबारियों को गलत तरीके से फायदा पहुंचाया गया और बदले में उनसे रिश्वत ली गई।

आम आदमी पार्टी नेता संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद भाजपा ने हमलावर रुख अपना लिया है। सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि खुलेआम घोटाले करना और पकड़े जाने के बाद राजनीति करना आम आदमी पार्टी की फितरत है।

ठाकुर ने कहा कि इन सब के बाद लोग दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर हंस रहे हैं। केजरीवाल के चेहरे पर तनाव देखा जा सकता है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केजरीवाल के डिप्टी सीएम जेल में हैं, स्वास्थ्य मंत्री जेल में हैं। ये वही लोग हैं जो इंडिया अगेंस्ट करप्शन नारे लगाकर सामने आए थे, लेकिन अब भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। अनुराग ठाकुर ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि सरगना अभी भी बाहर है। उसका नंबर भी आएगा। जांच चल रही है, जिन लोगों को अरविंद केजरीवाल ने ईमानदारी का सर्टिफिकेट जारी किया था वे सभी एक साल से जेल में हैं।

दूसरी ओर भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने भी आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा है। आप सांसद को शराब घोटाला मामले में ईडी द्वारा गिरफ्तार किए जाने पर पात्रा ने कहा कि संजय सिंह ने मनी लॉन्ड्रिंग की थी। संबित पात्रा ने कहा कि 2022 में दिल्ली शराब घोटाले में सीबीआई ने केस दर्ज किया था। इस घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग की गई थी, इसलिए ईडी ने भी केस दर्ज किया था। मनीष सिसौदिया और मामले से जुड़े कुछ अधिकारी, कुछ कारोबारी जेल में हैं। पात्रा ने कहा कि गिरफ्तार किए गए कारोबारियों में से एक दिनेश अरोड़ा थे और वो अब सरकारी गवाह बन गए हैं। सरकारी गवाह के तौर पर उन्होंने खुलासा किया कि 2020 में संजय सिंह ने उनसे मुलाकात की और कहा कि चुनाव नजदीक आ रहे हैं और उन्हें पैसे इकट्ठा करने की जरूरत है।

संजय सिंह की गिरफ्तारी पर आप नेता गोपाल राय ने कहा, "यह सब बीजेपी के इशारों पर हो रहा है। आज देश में मोदी सरकार में सबसे ज्यादा महंगाई हो गई है। सरकार सभी लोगों के मन में डर पैदा करना चाह रही है कि अगर हमारे विरोध में आवाज़ उठाओगे तो ईडी सीबीआई पीछे लगा देंगे। कल संजय सिंह ने कहा था कि मरना पसंद है लेकिन डरेंगे नहीं हमारी पार्टी डरने वाली नहीं है। बीजेपी चाहती है कि विपक्ष के सभी नेताओं को जेल में डाल दिया जाए।

दिल्ली की मंत्री आतिशी ने कहा, "मैं भाजपा, उनके प्रवक्ता और उनकी एजेंसियों को चुनौती देती हूं कि कोई भी प्रमाण रखें और बताएं एक रुपया भी जो संजय सिंह के घर से मिला हो, जिसके आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया गया। वे बताएं कि उन्हें संजय सिंह के घर से कितने सोने के बिस्किट, कितनी नकदी मिली? उन्हें संजय सिंह के घर से कुछ नहीं मिला।

Latest News

World News