Trending News

चक्रवाती तूफान "मिधिली" के कारण चार पूर्वी जिलों में रेड अलर्ट

[Edited By: Rajendra]

Saturday, 18th November , 2023 02:27 pm

देशभर में पिछले दिनों के मुकाबले ठंड बढ़ गई है। दिल्ली समेत अलग-अलग राज्यों में लोग गर्म कपड़े पहनकर ही घर बाहर निकल रहे हैं। वहीं दूसरी ओर कुछ राज्य ऐसे भी हैं जहां अभी भी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, ओडिशा समेत देश के कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों के पारे में भी गिरावट दर्ज की गई है। देश की राजधानी दिल्ली में आज सुबह हल्का कोहरा देखने को मिला। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार (18 नवंबर) को दिन में आसमान साफ रहेगा। इसके अलावा आज अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक की बात करें तो यहां एक्यूआई लगातार बहुत खराब श्रेणी में बना हुआ है। एक्यूआई शून्य से 50 के बीच 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 से 450 के बीच 'गंभीर' माना जाता है। एक्यूआई के 450 से ऊपर हो जाने पर इसे 'अति गंभीर' श्रेणी में माना जाता है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान त्रिपुरा में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा असम, मणिपुर, मिजोरम और नागालैंड में भी जमकर बादल बरसेंगे। इसके अलावा ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ तटीय स्थानों जैसे सातपाड़ा, पुरी, जगतसिंह, केंद्रपाड़ा, नंदीग्राम और दक्षिण 24 परगना में तूफानी बारिश की आशंका है। मौसम विभाग के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और अन्य इलाकों में आज बारिश और बर्फबारी की संभावना है। आज यूपी में अधिकतम तापमान 29 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 17 डिग्री रहने की संभावना है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, बांग्लादेश के करीब उत्तर-पूर्व और उससे सटे उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने चक्रवाती तूफान "मिधिली" अब उत्तर-उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ गया है। यह 17 नवंबर को भारतीय समयानुसार 14:30 से 15:30 बजे के दौरान खेपुपारा के पास बांग्लादेश तट को पार कर गया था। यह 17 नवंबर को भारतीय समयानुसार 23:30 बजे त्रिपुरा और निकटवर्ती बांग्लादेश के ऊपर एक गहरे दबाव में बदल गया और 18 नवंबर को भारतीय समयानुसार 05:30 बजे त्रिपुरा और बांग्लादेश के ऊपर एक गहरे दबाव में बदल कर कमजोर पड़ गया है।

यह अगरतला से लगभग 50 किमी पूर्व-दक्षिण पूर्व और सिलचर से 160 किमी दक्षिण पश्चिम में बांग्लादेश और मिजोरम से सटा हुआ है। इसके उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ने और अगले छह घंटों के दौरान दक्षिण असम और इससे सटे मिजोरम-त्रिपुरा पर एक अच्छी तरह से कम दबाव के क्षेत्र में बदलकर कमजोर पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, वहीं, एक और ऊपरी हवाओं का चक्रवाती प्रसार दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे श्रीलंका पर लगातार बना हुआ है। इससे जुड़ा चक्रवाती प्रसार निचले स्तरों में त्रिपुरा और उससे सटे बांग्लादेश और मिजोरम पर बने डिप्रेशन से जुड़े चक्रवाती प्रसार तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है।

वहीं, एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिणी अंडमान सागर के निचले और मध्य स्तरों में जारी है। चक्रवाती तूफान "मिधिली" के असर के कारण, आज यानी 18 नवंबर को नागालैंड, मणिपुर, पूर्वी असम और पूर्वी अरुणाचल प्रदेश के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं आज यानी, 18 नवंबर को 'मिधिली' तूफान के चलते त्रिपुरा, मिजोरम, मणिपुर और दक्षिण असम में 30 से 40 किमी प्रति घंटे से लेकर 50 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार के साथ तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, आज पूर्वोत्तर और उससे सटे उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी, पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के तटों के आसपास 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं में और इजाफा होकर 70 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका जताई गई है। वहीं, उत्तर और उससे सटे मध्य बंगाल की खाड़ी के साथ-साथ उत्तरी ओडिशा की तटों के ऊपर 40 से 45 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे की दर तक पहुंचने के आसार हैं। मौसम विभाग ने कहा है कि, 18 नवंबर की दोपहर तक उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और बांग्लादेश तट के आसपास समुद्र की स्थिति के बहुत खराब बनी रहने की आशंका है, हालांकि उसके बाद इसमें सुधार होने की संभावना है।

उपरोक्त तूफानी हवाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है। वहीं मौसम विभाग ने बताया है कि, वह तूफानी गतिविधि की लगातार निगरानी कर रहा है

बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान मिधिली के कारण पूर्वी राज्यों में भारी बारिश की आशंका है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। एक दिन पहले, शुक्रवार को भी पूर्वोत्तर राज्यों में जोरदार बारिश हुई, जिस वजह से मेघालय के चेरी ब्लॉसम फेस्टिवल का पहला दिन बारिश की भेंट चढ़ गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शुक्रवार सुबह मिजोरम, मेघालय, त्रिपुरा, असम सहित अन्य पूर्वी राज्यों में बारिश के साथ-साथ ठंडी हवाएं चल रही थीं। शनिवार को मौसम के ऐसे ही रहने का अनुमान है। बंगाल की खाड़ी पर गहरे दबाव के कारण चक्रवात बन गया है, जिसका नाम मिधिली है। मिधिली शुक्रवार रात या 18 नवंबर की सुबह बांग्लादेश के तट को पार करेगा।

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात का ओडिशा और प. बंगाल समेत पूर्वोत्तर के राज्यों में कोई खास असर नहीं पड़ेगा। हालांकि ओडिशा व पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों, त्रिपुरा, मिजोरम, नगालैंड, मणिपुर, असम और मेघालय में शनिवार को भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के एक अधिकारी सनथ दास ने बताया कि त्रिपुरा सहित अन्य चार पूर्वी जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। दास ने बताया कि सिपाहीजला, धलाई, गोमती और दक्षिण के जिलाधिकारियों से सभी आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया गया है। आईएमडी ने कहा कि चक्रवाती तूफान शुक्रवार रात या शनिवार सुबह 80 किमी प्रति घंटे की अधिकतम हवा की रफ्तार के साथ बांग्लादेश तट पर पहुंचने से पहले सुंदरबन से आगे बढ़ेगा।

मेघालय के चेरी ब्लॉसम फेस्टिवल के आयोजकों ने बताया कि खराब के मौसम के कारण तीन दिवसीय फेस्टिवल का पहला दिन रद्द हो गया है। पर्यटन मंत्री पॉल लिंगदोह महोत्सव के तीसरे संस्करण का उद्घाटन करने वाले थे। मिजोरम की राजधानी आइजोल सहित अन्य शहरों में भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया। सड़कें पानी से लबालब हो गईं। मिजोरम सरकार ने जिला प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारियों को निर्देश दे दिए हैं कि लोगों से सतर्कता बरतने के लिए कहा जाए।

Latest News

World News