Trending News

भारत की एक बेटी का रेप-कत्ल किया जाता है, तथ्य दबाए जाते हैं: राहुल गांधी

[Edited By: Rajendra]

Wednesday, 30th September , 2020 01:26 pm

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में सामूहिक दुष्कर्म का शिकार हुई पीड़िता का पुलिस द्वारा कथित तौर पर अंतिम संस्कार किए जाने को लेकर लोगों का गुस्स्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। वहीं उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर विपक्ष लगातार हमलावर है । इस बीच राहुल गांधी ने हाथरस युवती के साथ सामूहिक बलात्कार की घटना तथा इससे जुड़े तथ्यों को दबाने को अत्यधिक गंभीर अपराध बताते हुए अपमानजनक और अन्यायपूर्ण बताया है।

उत्तर प्रदेश के हाथरस में गैंगरेप और प्रताड़ना की शिकार युवती ने मंगलवार को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। लड़की की मौत के बाद शव परिजनों को नहीं सौंपा गया। इसको लेकर मंगलवार को खूब जमकर हंगामा भी हुआ। पुलिस ने देर रात मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया।

पुलिस से मौके पर मौजूद पत्रकार सवाल करते रहे। लेकिन, पुलिस ने उनके सवालों का जवाब देना भी ठीक नहीं समझा। इसका एक वीडियो कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपने ट्वीटर एकाउंट से ट्वीट कर शेयर किया। राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा, भारत की एक बेटी का रेप-क़त्ल किया जाता है, तथ्य दबाए जाते हैं और अन्त में उसके परिवार से अंतिम संस्कार का हक़ भी छीन लिया जाता है। ये अपमानजनक और अन्यायपूर्ण है।

 

बता दें कि मंगलवार देर रात सफदरजंग अस्पताल से हाथरस पीड़िता का शव लेकर पुलिस गांव पहुंची। जहां गांव वालों और परिजनों ने पुलिस से लाख मिन्नतें की, लेकिन पुलिस ने आखिरी दर्शन तक नहीं करने दिए और पीड़िता का विरोध के बीच ही अंतिम संस्कार कर दिया गया। रात 12 बजकर 45 मिनट पर पुलिस शव लेकर गांव पहुंची थी।

राहुल ने बुधवार को यहां जारी एक बयान में कहा "भारत की एक बेटी का रेप-कत्ल किया जाता है, तथ्य दबाए जाते हैं और अन्त में उसके परिवार से अंतिम संस्कार का हक भी छीन लिया जाता है। ये अपमानजनक और अन्यायपूर्ण है।"

वहीं कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी ने दावा किया, ''पीड़िता की मृत्यु के बाद सरकार ने परिजनों से बेटी के अंतिम संस्कार का अधिकार छीना और मृतका को सम्मान तक नहीं दिया। घोर अमानवीयता। आपने अपराध रोका नहीं बल्कि अपराधियों की तरह व्यवहार किया। अत्याचार रोका नहीं, एक मासूम बच्ची और उसके परिवार पर दोगुना अत्याचार किया।'' उन्होंने कहा, ''योगी आदित्यनाथ, आप इस्तीफा दो। आपके शासन में न्याय नहीं, सिर्फ अन्याय का बोलबाला है।''

खबरों के मुताबिक, पुलिस ने हाथरस मामले की पीड़िता का मंगलवार देर अंतिम संस्कार कर दिया। गौरतलब है कि हाथरस में सामूहिक दुष्कर्म की शिकार 19 वर्षीय दलित लड़की की मंगलवार सुबह यहां सफदरजंग अस्पताल में मौत हो गई। हाथरस जिले के चंदपा थाना क्षेत्र स्थित एक गांव में 14 सितंबर को लड़की के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात हुई थी। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Latest News

World News