Trending News

उत्तरप्रदेश देश का सबसे तेज उभरता अर्थव्यवस्था वाला राज्य – सीएम योगी

[Edited By: Vijay]

Thursday, 14th October , 2021 02:23 pm

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब सोच ईमानदार हो तो काम दमदार होते हैं और दिखाई भी देते हैं। वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश देश की सबसे तेजी से उभरती अर्थव्यवस्था के रूप में सामने आया है। कभी कल्याणकारी योजनाओं में काफी पीछे रहने वाला यह प्रदेश आज देश की 44 योजनाओं में नंबर एक है। यह दुनिया के लिए सबसे अच्छा निवेश और सुरक्षा का वातावरण देने वाला राज्य है। यह नया और उभरता उत्तर प्रदेश अब देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को जंगल कौड़िया के रसूलपुर चकिया में महंत अवेद्यनाथ राजकीय महाविद्यालय का लोकार्पण व परिसर में स्थापित ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की आदमकद कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद आयोजित जनसभा को संबोधित किया।

                                  

उन्होंने कहा कि 2014 से बदलते भारत को और 2017 से बदलते उत्तर प्रदेश को सभी लोगों ने देखा है। सबको बिना भेदभाव योजनाओं का लाभ मिल रहा है। आज अच्छी सड़कों और बिजली की सुविधा हर गांव तक है। पहले किसानों का धान क्रय नहीं होता था। औने-पौने दाम पर बेचने की मजबूरी होती थी। आज कई केंद्र बनाए गए हैं। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद होती है और पैसा सीधे किसान के खाते में जाता है। सरकार ने सबको सुरक्षा का माहौल दिया। पहले पर्वों पर कर्फ्यू लग जाता था, लेकिन आज कर्फ्यू तो दूर की बात है, कोरोना भी भाग गया है। नेकनीयती के साथ किए गए कार्य का अच्छा परिणाम आता है। इसमें ईश्वर भी साथ देते हैं।

बीजेपी सरकार ने खोले विकास के बंद रास्ते

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व की सरकारों में प्रदेश के विकास के बंद रास्तों को 2017 में बीजेपी सरकार ने खोला। पूर्व की सरकारों के कार्यकाल में सड़क, बिजली, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य सब कुछ बदहाल था। गरीबों को राशन तक नहीं मिलता था। अब तो चौड़ी सड़कों का जाल बिछ गया है। सबको सुरक्षा की गारंटी है। शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र सुदृढ़ हुआ है। सबको पर्याप्त बिजली मिल रही है। गरीबों को मुफ्त राशन मिल रहा है।

हर बात को राजनीतिक नजरिए से न देखें

सीएम योगी ने कहा कि एक हजार अरब डालर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए, 'हमें वक्त की रफ्तार से तेज रफ्तार करनी चाहिए. जब (हम) उस रफ्तार से चलेंगे तो हर नागरिक उसी रफ्तार से चलेगा.' मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए, 'हर चीज को राजनीतिक नजरिए से देखने की सोच बदलनी होगी. यूपी को देश की सबसे अच्छी अर्थव्यवस्था बनाने के लिहाज से जितनी बेहतर सुविधा हम दे सकते हैं, कोई नहीं दे सकता. सबसे अच्छी सुरक्षा भी हम देंगे.'

पहले ठीक नहीं था राजनीतिक वातावरण

योगी ने कहा कि राज्य में पहले राजनीतिक वातावरण ठीक नहीं होने के कारण देशी-विदेशी निवेशक बाहर जा रहे थे, लेकिन अब अंतरराष्ट्रीय कंपनी सैमसंग पांच हजार करोड़ रुपए का निवेश कर चुकी है. जो टीसीएस लखनऊ से भाग रही थी, अब प्रदेश में अन्य स्थानों पर भी बड़ा निवेश कर रही है. उन्होंने कहा कि भारत को (2025 तक) पांच हजार अरब डालर की अर्थव्यवस्था बनाने के की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के तहत उत्तर प्रदेश में 28 जुलाई को नए औद्योगिक निवेश के लिए ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी-2 में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आगमन होगा और 65 हजार करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का शिलान्यास सम्पन्न होगा.

 

 

Latest News

World News