Trending News

(वीडियो) मथुरा: किसान महापंचायत के मंच पर एक साथ दिखे अखिलेश और जयंत, कहा-घबरा रही है बीजेपी

[Edited By: Punit tiwari]

Friday, 19th March , 2021 06:13 pm

मथुरा-समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को मथुरा के बाजना स्थित मोरकी इंटर कॉलेज मैदान में किसान महापंचायत को संबोधित किया। इस किसान महापंचायत का आयोजन सपा और RLD की ओर से किया गया। मंच पर अखिलेश के साथ राष्ट्रीय लोकदल के उपाध्यक्ष जयंत चौधरी भी मौजूद रहे। किसान महापंचायत के मंच से दोनों नेताओं ने केंद्र और प्रदेश की बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला। 

किसानों को संबोधित करते हुए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि किसान आंदोलन से कोई घबराया हो या नहीं, लेकिन बीजेपी जरूर घबरा रही है। जिस तरह से आप लड़ाई लड़ रहे हैं, बीजेपी को पता चल गया है कि अब किसान रुकने वाला नहीं है। आगे उन्होंने कहा कि जब तक काले कानून वापस नहीं होंगे, तब तक यह लड़ाई चलती रहेगी। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि महापंचायत में मुझे लाठी भेंट की गई है। हम और जयंत यह जानते हैं कि लाठी कहां पर चलानी है। 

 

वहीं योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री भी कम नहीं हैं, कहने को तो वो योगी हैं, लेकिन योगी वही होता है, जो दूसरों का दुख अपना समझे। उन्हें लाल टोपी ही दिखाई देती है। अखिलेश यादव ने आगे कहा कि हमें नहीं पता कि लाल रंग देखकर कोई क्यों भड़क रहा है? अखिलेश ने कहा कि बीजेपी साजिश रचने वाली पार्टी है। इसने हमें बांटकर सत्ता पाई है। अब किसान एकजुट होकर बीजेपी को सत्ता से हटाएगा।

  

Latest News

World News