Trending News

बीजेपी की वर्किंग कमेटी बैठक में बोले राजनाथ, खत्म नहीं होगी MSP, कानून में संशोधन के लिए तैयार

[Edited By: Punit tiwari]

Monday, 15th March , 2021 01:49 pm

लखनऊ-भारतीय जनता पार्टी के एक दिवसीय प्रदेश कार्य समिति बैठक का आज लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आगाज हो गया है। इसका शुभारंभ लखनऊ के सांसद और केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने किया। इसके बाद होने वाले सत्रों में प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत कर रहे हैं। राजनीतिक प्रस्ताव में मोदी सरकार की छह साल की उपलब्धियां, किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण एवं रोजगार से जुड़ी योजनाओं को शामिल किया गया। योगी सरकार की ओर से चार साल में प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा, गरीब कल्याण के क्षेत्र में लागू योजनाओं को भी राजनीतिक प्रस्ताव में शामिल कर मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित किया जा रहा है।

इस मौके पर राजनाथ सिंह ने कृषि कानूनों को लेकर चल रहे आंदोलन पर बड़ा बयान दिया। राजनाथ सिंह ने कहा कि MSP बंद करने का कोई सवाल ही नहीं है। हम सभी किसान परिवार से हैं। मैं अपील करना चाहूंगा कि वे (किसान) बैठें। जितनी बार कहेंगे उतनी बार वार्ता होगी। हम संशोधन करने को भी तैयार हैं। कहीं कोई कठिनाई आ रही है तो उसके लिए भी तैयार हैं।

राजनाथ सिंह ने कहा कि गरीब परिवार में पैदा हुआ व्यक्ति उत्तर प्रदेश जैसे राज्य का अध्यक्ष है। यह भाजपा में ही हो सकता है। राजनीतिक जीवन में व्यक्ति का कद पद के कारण बड़ा नहीं होता है बल्कि उसकी कृत्यों के कारण बड़ा होता है। आप भाजपा कार्यकर्ता हैं तो देर हो सकती है, लेकिन अंधेर नहीं होगी। सारी राजनीतिक पार्टियों का विभाजन हुआ है, लेकिन भाजपा का एक बार भी विभाजन नहीं हुआ है। दुनिया में जितना वैक्सीन तैयार हुई है, उसका 60% भारत ने तैयार किया है। अमेरिका के राष्ट्रपति ने अपने भाषण में कहा कि भारत अब शक्तिशाली बन रहा है।

राजनाथ सिंह के भाषण की प्रमुख बातें-

लोग कहते हैं कि मैं इतने समय से पार्टी से जुड़ा हूं। मेरे साथ न्याय नहीं हो रहा, ऐसा कैसे हो सकता है कि BJP कार्यकर्ता ये कहे, ये पार्टी एक संगठन है यहां देर हो सकती है लेकिन अन्याय नहीं हो सकता, यहां पद भले ही न हासिल हो लेकिन प्रतिष्ठा जरूर हासिल होगी। एक समय हम सब नारा लगाते थे चप्पा-चप्पा भाजपा और आज यह नारा चरितार्थ हो गया। भारतीय जनता पार्टी की विशिष्ट राजनीतिक विचारधारा है। हमारा एक राजनीतिक दर्शन है। हर राजनीतिक विचारधारा वाले दल का विभाजन कभी न कभी हुआ है, मगर भाजपा का आज तक कभी विभाजन नहीं हुआ है। कोविड महामारी के दौरान गरीबों को मुफ़्त अनाज वितरित किया गया ताकि कोई गरीब भूखा न सोए। अभी QUAD की बैठक में अमरीकी राष्ट्रपति ने भी कोरोना के दौरान प्रधानमंत्री के द्वारा कोरोना के दौरान किए गए उपायों की प्रशंसा की है। हमारे देश के वैज्ञानिकों ने वैक्सीन बनाकर जो काम किया है, उस पर हम सभी को गर्व है और उनका सम्मान होना

राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि अटल जी जनसंघ के अध्यक्ष थे तो कोई सोच नहीं सकता था कि हम सरकार बनाएंगे। आज चप्पा-चप्पा भाजपा का हमारा नारा चरित्रार्थ हुआ है। हम अटल जी के नाम पर आगे बढ़े थे, संविदा सरकार, फिर जनता पार्टी की सरकार फिर राम जन्मभूमि आंदोलन में घर-घर हमारी पार्टी के प्रति विश्वास ने हमारा जनाधार बढ़ाया। 1991 में हम पहली बार स्पष्ट बहुमत की सरकार बना सके। उसके बाद आज दूसरी बार 2017 में योगी जी के नेतृत्व में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार है। भाजपा सत्ता हासिल करने वालों का झुंड नहीं है, हम जीवंत राजनैतिक संगठन हैं। हमारा अपना राजनैतिक दर्शन है, किसी भी अन्य दल यहां तक कि कम्युनिस्ट पार्टी का भी दर्शन नहीं है। बहुत सी पार्टियां टूटी हैं, भाजपा में टूट नहीं हुई। यह हमारे दर्शन की दिशा व दृष्टि जो एकात्म मानववाद से प्रेरित है से मिलती है।

केंद्रीय रक्षा मंत्री और बीजेपी के सांसद ने कहा कि राजनीति में सबसे बड़ा संकट है विश्वास का संकट। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे चुनौती के रूप में स्वीकार किया है। हमने घोषणा पत्र में धारा 370 को समाप्त करने की बात कही थी। आज धारा 370 को समाप्त कर दिया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में बहुत बड़ा काम हुआ और 40 लाख से अधिक आवास इस प्रदेश में बनाए गए हैं। कौन सोचता था कि कोई प्रधानमंत्री स्वच्छता को राष्ट्रीय आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाएगा। मगर हालात बदल गए। 2.61 करोड़ शौचालय तो इसी उत्तर प्रदेश में बनाए गए हैं। सौभाग्य योजना के अन्तर्गत उत्तर प्रदेश में 1.38 करोड़ घरों में नि:शुल्क बिजली कनेक्शन दिए गए। इस मामले में उत्तर प्रदेश नंबर वन है। हर गरीब परिवार को 5 लाख रुपए वार्षिक के इलाज की सुविधा देकर हमारी सरकार ने गरीबों की बड़ी राहत दी है। आयुष्मान भारत के अंतर्गत 1.18 करोड़ परिवारों को अकेले उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य रक्षा कवच दिया गया है।

राजीव गांधी ने भ्रष्टाचार को लेकर लाचारी जताई- राजनाथ


कांग्रेस के प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने लाचारी व्यक्त की कि भ्रष्टाचार के नाते मैं पूरी मदद नहीं कर सकता। हमारे पीएम ने लाचारी नहीं जताई जनधन के खाते खोले और हर व्यक्ति को सीधे मदद की। कहीं भी एक पैसा भ्रष्टाचार की भेंट नहीं चढ़ा। गरीबों को छत दिलाई, आज यूपी में 40 लाख घर बन रहे हैं।हमारे प्रधानमंत्री ने स्वच्छता को आंदोलन में बदला, पीएम ने झाड़ू उठाई तो लोगों ने मजाक बनाया। आज परिदृश्य बदला है डब्ल्यूएचओ भी इसकी तारीफ करता है। हर घर बिजली का अभियान हो या उज्ज्वला योजना यूपी ने सबसे ज्यादा काम किया। योगी जी के नेतृत्व में यूपी ने बहुत अग्रणी भूमिका निभाई है। बाण सागर परियोजना हो या सड़कों का जाल यूपी ने हर मोर्चे पर सफलता अर्जित की है। कानून के मोर्चे पर सरकार सबसे बेहतर काम कर रही है। योगी जी ने जो किया है वो काबिले तारीफ है। हमने राम राज्य की संकल्पना की है वो कानून व्यवस्था को ठीक कर ही संभव है। 


प्रदेश अध्यक्ष  स्वतंत्र देव सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत अभिनंदन किया-
बैठक में उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि, आज लोकसभा में 2 सदस्यों वाली पार्टी दोबारा बहुमत में आई। पं. दीनदयाल उपाध्याय व श्यामा प्रसाद मुखर्जी के मार्ग पथ पर चलते हुए भारतरत्न श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी ने केंद्र में भाजपा की सरकार बनाई। बाद में तत्कालीन रक्षामंत्री की अध्यक्षता में पार्टी ने नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में सरकार बनाई। स्वतंत्र देव ने आगे कहा कि, 2017 में उत्तर प्रदेश व फिर 2019 के लोकसभा में उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक सीटें अर्जित कर आज हम दोबारा सत्ता में हैं। आज देश में बाबा साहेब, वीर सावरकर, सरदार पटेल के विचारों पर काम करने वाली पार्टी सत्ता में है। केंद्र की मोदी व प्रदेश की योगी सरकार अपने वादों को पूरा करने वाली और सबका साथ-सबका विकास के ध्येय को लेकर काम कर रही है। उन्होंने कोरोना में केंद्र सरकार द्वारा किये गए जनकल्याणकारी कार्यों और वैक्सीन मैत्री के माध्यम से विश्व में भारत का नाम रौशन करने के मोदी सरकार के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने प्रदेश की योगी सरकार द्वारा अयोध्या, काशी, प्रयाग, मथुरा और दूसरे धार्मिक पहचान के स्थलों की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने के प्रयासों की खुले मन से सराहना की।

 

Latest News

World News