[Edited By: Punit tiwari]
Thursday, 11th February , 2021 04:11 pmप्रयागराज: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा गुरुवार को एक दिवसीय प्रयागराज यात्रा पर पहुंचीं। अपनी इस यात्रा के दौरान दोपहर को वह अरेल घाट से नाव के जरिए संगम में आस्था की डुबकी लगाने पहुंचीं। प्रियंका गांधी वापसी में खुद नाव चलाकर लौटीं। कांग्रेस की डूबती सियासी नैया को पार लगाने की कोशिश करती नजर आईं।
संगम में मौनी अमावस्या स्नान के बाद प्रियंका गांधी जी ने नाव चलायी। हर हर गंगे । @INCIndia @priyankagandhi pic.twitter.com/QFBFDWay9I
— Rajeev Shukla (@ShuklaRajiv) February 11, 2021
उन्होंने अपनी बेटी और दोस्तों के साथ नाव पर बैठ कर गंगा की सैर की। इससे पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मौनी अमावस्या स्नान पर्व पर दोपहर करीब दो बजे पावन त्रिवेणी में पुण्य की डुबकी लगाई। इस दौरान उनकी बेटी मिराया और बेटे रेहान भी मौजूद रहे ।
इस मौके पर उनके साथ पूर्व राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी और उनकी बेटी आराधना मिश्रा भी मौजूद रहीं। प्रियंका गांधी जब नाव पर सवार होकर संगम जा रही थीं, तो उस वक्त माघ मेले के श्रद्धालुओं पर योगी सरकार के हेलीकॉप्टर ने फूल बरसाए।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आज मौनी अमावस्या स्नान पर्व पर प्रयागराज पहुंचीं हैं। वह सबसे पहले नेहरू-गांधी परिवार के पैतृक आवास आनंद भवन पहुंची। जहां अपने परदादा और पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के स्मृति स्थल पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। प्रियंका गांधी ने आनंद भवन स्थित अनाथालय में बच्चों के साथ भी कुछ पल बिताए। यहां एक बच्ची को गोद में लिए हुए नजर आईं।
बता दें कि उत्तर प्रदेश में मौनी आमवस्या के मौके पर श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। गुरुवार की भोर से ही पवित्र नदियों के तट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा।