[Edited By: Vijay]
Thursday, 14th October , 2021 04:24 pmसपा की दिवंगत सांसद फूलन देवी की मां मुला देवी के लिए अखिलेश की विजय यात्रा बेहद भावुक क्षण लेकर आई। विजय रथ से ही सभा समाप्त करने के बाद अचानक फूलन के गांव शेखपुर गुढ़ा के प्रधान रामबाबू निषाद के साथ मौजूद फूलनदेवी की मां मुला देवी पर अखिलेश की नजर पड़ी तो वे झट से उतरकर नीचे आए।
यह देख मुला देवी भी अखिलेश की ओर बढ़ी और उनका माथा चूम लिया। जिसे देख वहां मौजूद सपाई भावुक हो गए। प्रधान का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार बनने पर फूलन हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने की भी बात कही है।
भीड़ के बीच ही अखिलेश ने मुला देवी से उनके हालचाल पूछे। साथ ही सरकार बनने पर हर संभव मदद का वादा भी किया। मुला अखिलेश से बोली, भगवान ऐसा बेटा सभी को दे। पूर्व मुख्यमंत्री की जुबान से हमदर्दी भरे शब्द सुनकर मुला देवी का चेहरा भी चमक रहा था।
उनकी आंखों में बेटी के सांसदी के दिनों की यादें ताजा हो गई। कुछ मिनटों में दोनों ने एक दूसरे के हालचाल लिए और फिर से अखिलेश अपने विजय रथ पर सवार हो गए। मुला देवी ने मीडिया को बताया कि उनकी अंतिम इच्छा यही है कि एक बार फिर से अखिलेश मुख्यमंत्री बनें। वहीं प्रधान का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार बनने पर फूलन हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने की भी बात कही है।
विजय यात्रा लेकर हमीरपुर से कालपी पहुंचे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा। कहा कि भाजपा फेकू सरकार तो थी। अब बेचू सरकार भी हो गई है।
रेल, हवाई जहाज, हवाई अड्डे व सरकारी प्रतिष्ठान सभी कुछ बेचकर ईस्ट इंडिया कंपनी की तरह काम कर रही है। ऐसा ही रहा तो बड़ी बात नहीं कि एक दिन भाजपा सरकार भी कोई कंपनी न बनकर रह जाए। बुंदेलखंड की दुखती रग पर हाथ रखते हुए कहा कि यहां के लोगों ने भाजपा के सभी सांसद और विधायक जिताए।
बदले में यहां के किसानों को क्या मिला, अन्ना मवेशियों की भरमार, गोशालाओं के नाम पर खर्च हुए धन का कोई हिसाब देने वाला भी नहीं है। कदौरा से जोल्हूपुर मोड़ होते हुए अखिलेश की यात्रा जैसे ही कालपी के ठक्कर बापा कालेज मैदान पर पहुंची। युवाओं ने उनके समर्थन पर नारेबाजी की।
भीड़ देख अखिलेश भी उत्साहित हुए। अपने रथ से ही कहा कि लखीमपुर में प्रदेश की सरकार ने किसानों के साथ-साथ कानून को भी कुचला है और अब संविधान कुचलने की तैयारी में है। किसानों की आय दोगुनी का वादा किया था। पर किसानों को तबाह कर दिया।