Trending News

मिर्जापुर-अखिलेश यादव ने मां विंध्यवासिनी मंदिर में किए दर्शन

[Edited By: Punit tiwari]

Saturday, 27th February , 2021 12:16 pm

मिर्जापुर-पूर्वी उत्तर प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे के तीसरे और अंतिम दिन समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को विंध्यचाल में मां विंध्यवासिनी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। माघी पूर्णिमा पर शनिवार को सुबह ही वह कुछ समर्थकों के साथ मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव शनिवार को करीब आधा घंटा मां विंध्यवासिनी मंदिर में रहे। दर्शन-पूजन के साथ ही उन्होंने मंदिर प्रांगण का भ्रमण भी किया। मिर्जापुर में इसके बाद अखिलेश यादव कंतित दरगाह पर गए। इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि मां विंध्यवासिनी यहीं निवास करती हैं। मां से आशीर्वाद लेने आए हैं। पिछली बार विंध्य की ही धरती सोनभद्र जिले में शिविर लगा था तो सपा की सरकार बनी थी। इस बार मिर्जापुर में शिविर लगाकर चुनावी अभियान के तहत प्रशिक्षण शिविर लगाया गया है। कहा कि खेत में जो सरसों दिखाई दे रही है, बताइए क्या सरसों एमएसपी से ली जा रही है।

सरसों का तेल बनाने वाले मुनाफा कमा रहे हैं न कि सरसों उगाने वाले। तीनों कृषि कानून आएंगे तो किसानों को न तो गेहूं, धान न ही बाजरा की किसी भी फसल की सही कीमत नही मिलेगी। भाजपा वालों को सोचना होगा कि जो कानून किसानों को नहीं पसंद है तो किसानों पर क्यों थोपा जा रहा है।

प्रदेश की जनता भाजपा को हटाना चाहती है जो बजट आया है न तो उसमें रोजगार है नहीं किसानों का लाभ है। महंगाई बढ़ रही है किसी ने कल्पना नहीं की था कि डीजल-पेट्रोल का मूल्य ₹100 होगा और गैस सिलेंडर 1000 में मिलेगा। भाजपा ने सरकार बनाने के लिए सिलेंडर फ्री में दिया और अब उसका दाम बढ़ा दिया है सरकार बैंकों को बैंकों में मर्ज कर बड़ी बैंक बना रही है। पर गरीबों को राहत नहीं मिल रही है बड़ा सवाल है कि गरीबों को सरकार मुक्त सिलेंडर देगी।

पूर्वी उत्तर प्रदेश के तीन दिनी दौरे पर आज मिर्जापुर के बाद अखिलेश यादव का वाराणसी वापसी का कार्यक्रम है। संत रविदास जयंती पर वाराणसी में आज उनका संत रविदास दरबार में भी मत्था टेकने का कार्यक्रम है। संत रविदास जयंती पर आज वाराणसी में नेताओं का जमावड़ा लगेगा। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ ही कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा तथा केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान मत्था टेकेंगे।

Latest News

World News