Trending News

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में जलजमाव के चलते बाढ़ जैसे हालात

[Edited By: Rajendra]

Friday, 14th July , 2023 02:25 pm

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में जलजमाव के चलते बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कल यमुना नदी का जल स्तर अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था, जो अब धीरे-धीरे कम हो रहा है। दिल्ली सरकार ने कल स्कूलों, कॉलेजों, श्मशान घाटों और यहां तक ​​कि वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट को भी बंद करने का आदेश दिया है, क्योंकि उफनती हुई यमुना नदी का दिल्ली में भर गया है।

आज सुबह 6 बजे, यमुना का जल स्तर 208।46 मीटर था, जो कल रात के 208।66 से थोड़ा कम है। केंद्रीय जल आयोग ने अनुमान लगाया है कि आज जल स्तर गिरेगा और दोपहर 1 बजे तक 208।30 मीटर तक पहुंच सकता है। दिल्ली अथॉरिटी ने कहा है कि राष्ट्रीय राजधानी के कुछ इलाकों में पीने के पानी की दिक्कत और बिजली कटौती हो सकती है।

दिल्ली में 4 दिन से यमुना नदी खतरे के निशान के ऊपर है। शुक्रवार सुबह यमुना नदी का जलस्तर 208।40 मीटर पहुंच गया है। यह खतरे के निशान 205 मीटर से 3।4 मीटर ज्यादा है। दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट के बाहर सड़क पर पानी भर गया है। बाढ़ का पानी यमुना बाजार, लालकिले, राजघाट और ISBT-कश्मीरी गेट तक पहुंच गया है। यहां 3 फीट तक पानी भर गया।

हालात बिगड़ते देख CM अरविंद केजरीवाल ने ड्रेनेज ठीक करने के लिए सेना की मदद मांगी। दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज के मुताबिक, ITO के पास 12 नंबर ड्रेनेज का रेगुलेटर टूटने से बाढ़ का पानी आ रहा है। सीएम ने कहा- रेगुलेटर को आज ठीक कर लिया जाएगा। दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना और सीएम अरविंद केजरीवाल ने आईटीओ के पास टूटे ड्रेनेज का निरीक्षण किया। एलजी ने कहा, यह समय किसी को दोष देने या टिप्पणी करने का नहीं है। अभी हमें टीम वर्क करने की जरूरत है। मैं भी बहुत कुछ कह सकता हूं लेकिन अभी इसकी जरूरत नहीं है।

दिल्ली में पीने के पानी की समस्या विकराल रूप लेने वाली है क्योंकि यमुना में जलस्तर बढ़ने की वजह से 3 वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट को बंद किया गया है। ऐसे में 20 से ज्यादा इलाकों में पानी की किल्लत हो सकती है। इसमें एनडीएमसी के भी कई इलाके शामिल हैं। यह जानकारी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करके दी। मुख्यमंत्री ने लिखा कि यमुना में बढ़ते जलस्तर की वजह से वज़ीराबाद, चंद्रावल और ओखला वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद करने पड़े हैं। इस वजह से दिल्ली के कुछ इलाकों में पानी की परेशानी होगी। जैसे ही यमुना का पानी कम होगा, इन्हें जल्द से जल्द शुरू करने की कोशिश करेंगे।

प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को फोन किया और दिल्ली के कुछ हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान टेलीफोन पर बातचीत में अमित शाह ने पीएम मोदी को बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी दी और उन्हें बताया कि अगले 24 घंटों में यमुना में जल स्तर कम होने की उम्मीद है।

दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी ने गुरुवार को निर्देश दिया कि गैर-जरूरी सरकारी ऑफिस, स्कूल और कॉलेज रविवार तक बंद रहेंगे। इसके साथ ही सरकार ने चार सीमाओं से शहर में आवश्यक सामान ले जाने वाले वाहनों को छोड़कर, भारी माल वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है, जिसमें सिंघु भी शामिल है।

दिल्ली के अलावा पंजाब और हरियाणा भी भारी बारिश के चलते बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। हरियाणा सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, बारिश से संबंधित घटनाओं में मरने वालों की संख्या 16 हो गई है। इससे पहले, राज्य में 10 और पड़ोसी पंजाब में 11 लोगों की मौत की सूचना मिली थी। इधर मौसम ठीक होने के बाद दोनों राज्यों में राहत अभियान तेज कर दिया गया है। पिछले तीन दिनों में बारिश के चलते पंजाब में कुल मिलाकर 14 और हरियाणा में 7 जिले प्रभावित हुए हैं।

Latest News

World News