Trending News

महोबा-कांग्रेस की गाय बचाओ, किसान बचाओ पदयात्रा पर पुलिस का बर्बर लाठीचार्ज

[Edited By: Punit tiwari]

Wednesday, 30th December , 2020 06:47 pm

महोबा जिले में कांग्रेस के आह्वान पर निकाली जा रही किसान बचाओ, गाय बचाओ की पदयात्रा पर पर पुलिसिया कहर टूटा है। पुलिस ने पदयात्रा में शामिल लोगों की बर्बर तरीके से लाठियों से पिटाई की है। कांग्रेस पार्टी के आह्वान पर प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के नेतृत्व में 'खेत बचाओ, किसान बचाओ' खेत किसानी सुरक्षित करो, गोवंश को संरक्षित करो पदयात्रा निकाली गई थी।


इस पद यात्रा में नगर और क्षेत्र से भारी मात्रा में भीड़ एकत्र हुई। पूर्व केन्द्रीय मंत्री प्रदीप कुमार जैन आदित्य के नेतृत्व में पदयात्रा का शुभारंभ किया गया। मौके पर पहले से मौजूद पुलिस बल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया।

 

पदयात्रा रोकने पर कार्यकर्ताओं व पुलिस के बीच झड़प शुरू हो गई। इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। धक्कामुक्की शुरू होता देख गुस्साए पुलिसकर्मियों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ मीडिया कर्मियों को भी नहीं बक्शा। पूर्व केन्द्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने लाठीचार्ज का वीडियो ट्वीट करते हुए योगी सरकार पर हमला बोला है। अजय कुमार लल्लू ने लिखा, 'गाय बचाओ-किसान बचाओ यात्रा से घबराई सूबे की घमंडी सरकार ने महोबा में हमारे नेताओं-कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया और गिरफ़्तार किया। गौ सेवा के नाम पर फोटो खिंचाने वाले मुख्यमंत्री का मुखौटा जनता के सामने है। सरकार जितनी तानाशाही कर ले कांग्रेस पार्टी यह लड़ाई जारी रखेगी।' वहीं, दूसरे ट्वीट में लिखा, 'महोबा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मां - बहन के गालियों के साथ लाठियों की बौछार। वाह री योगी सरकार। गौ माता और किसानों की आवाज़ उठाना गुनाह है क्या? कार्यकर्ताओं के ऊपर गिर रहे लाठियों को, गालियों को याद रखा जायेगा। साफ है योगी सरकार में लोकतांत्रिक मूल्यों की जगह नहीं।'

 

Latest News

World News