Trending News

मुख्यमंत्री योगी ने पुलिस मुख्यालय में पुलिसवालो को दी बड़ी नसीहत

[Edited By: Vijay]

Saturday, 2nd October , 2021 04:04 pm

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को पुलिस विभाग में उत्कृष्ट सेवा करने वाले कर्मियों को उत्तर प्रदेश पुलिस के मुखिया के कार्यालय सिगनेचर बिल्डिंग में सम्मानित किया। इस समारोह में सीएम योगी आदित्यनाथ ने 75 पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने के साथ ही उनको मौके पर ही बड़ा सबक भी दे दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस को अपना पक्ष जनता के बीच सरल भाषा में रखना चाहिए और मीडिया के माध्यम से लगातार संवाद बनाए रखना चाहिए। उन्होंने मनीष गुप्ता हत्याकांड की तरफ इशारा करते हुए कहा कि अगर आप गलत काम करेंगे तो जनता आपको खलनायक बना देगी। पुलिस कर्मियों का जनता से संवाद करते रहना बेहद जरूरी है। पुलिस का प्रयास होना चाहिए कि उन पर जनता का विश्वास बना रहे।

उत्तर प्रदेश पुलिस उत्कृष्ट सेवा सम्मान समारोह में सीएम योगी आदित्यनाथ ने वीरता के साथ ही अन्य पदक पाने वाले अधिकारियों व कर्मियों को बधाई देने के साथ ही उनको कर्तव्य भी याद दिलाया। उन्होंने कहा कि अगर समाज का हर नागरिक अपने-अपने क्षेत्र में पूरी ईमानदारी से कर्तव्यों का निर्वहन करने जुट जाए तो लक्ष्य प्राप्ति व संकल्पों को पूरा करने में देर नहीं लगेगी। मुझे लगता है कि अमृत महोत्सव का यह वर्ष हम सभी को इस बात के लिए प्रेरित करता है।

उन्होंने कहा कि 2017 में जब हमारी सरकार आई तो पूरे प्रदेश में सिर्फ एक साइबर थाना गौतमबुद्ध नगर में था। उस समय लखनऊ में साइबर थाना खुलने की प्रक्रिया चल रही थी। आज सभी रेंज स्तर पर साइबर थाने सफलतापूर्वक संचालित हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 75 पुलिस अधिकारियों/कार्मिको उनके विशिष्ट योगदान व उत्कृष्ट सेवाओं के लिए आज अलंकृत किया जा रहा है। मैं उन सभी पुलिस अधिकारियों/कार्मिकों को बधाई व शुभकामनाएं देता हूं।

मुख्यमंत्री का पदक 15 पुलिसकर्मियों मिला। शेष को राष्ट्रपति का वीरता पदक व विशिष्ट सेवा पदक प्रदान किया गया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने वीरता पदक से डीजी जेल आनंद कुमार, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार, पुलिस कमिश्नर कानपुर असीम अरुण, एसएसपी मुजफ्फरनगर अभिषेक यादव तथा एसपी प्रतापगढ़ सतपाल को सम्मानित किया। डीजी ट्रेनिंग आरपी सिंह, एडीजी लखनऊ जोन एसएन साबत, एडीजी वाराणसी बृज भूषण, आईजी लखनऊ लक्ष्मी सिंह तथा आईजी प्रयागराज कवीन्द्र प्रताप सिंह को उत्कृष्ट सेवा मेडल प्रदान किया गया। एसटीएफ नोएडा के डीएसपी राजकुमार मिश्र तथा पीएसी से डिप्टी एसपी के पद से सेवानिवृत डीके धवन को भी सेवा पदक प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मानव संपदा पोर्टल की शुरुआत व साइबर प्रशिक्षण का समापन भी किया।

Latest News

World News