Trending News

योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह एक बार फिर सुर्खियों में

[Edited By: Rajendra]

Thursday, 24th August , 2023 01:35 pm

योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार पशुधन मंत्री बयान की वजह से नहीं बल्कि अपनी कार को सीधे रेलवे स्टेशन में घुसाने की वजह से विवादित हो गए हैं। बुधवार को योगी सरकार में पशुधन मंत्री ट्रेन पकड़ने के लिए लेट हो गए थे। बताया जाता है कि लखनऊ में चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल आ चुकी थी। ऐन वक्त पर स्टेशन पहुंचे मंत्री धर्मपाल सिंह को ट्रेन छूटने का डर था। ट्रेन छूटने के डर से उन्होंने अपनी कार सीधे प्लेटफॉर्म के अंदर घुसा दी।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मंत्री के कार घुसाने पर चुटकी ले ली। खबर को ट्विटर पर शेयर करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अच्छा हुआ ये बुलडोजर से नहीं गए थे। बता दें कि उत्तर प्रदेश में बुलडोजर की कार्रवाई की दहशत है। सत्ता पक्ष कार्रवाई का समर्थन करता है। ऐसे में अखिलेश यादव का तंज सीधे योगी सरकार पर है। उन्होंने मंत्री धर्मपाल सिंह की आड़ में बुलडोजर की कार्रवाई पर सवाल उठाए।

योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह पर सत्ता का रसूख सवार है। जूतों में कीचड़ न लग जाए। कपड़े भीग न जाएं। इसलिए, उन्होंने अपने सारथी को प्लेटफॉर्म पर ही अपनी फॉर्च्यूनर चढ़ाने का हुक्म दे दिया। बुधवार को उनकी गाड़ी हॉर्न बजाते हुए लखनऊ में चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म तक दाखिल हो गई।

प्लेटफॉर्म पर गाड़ी देखकर यात्रियों में हड़कंप मच गया। मंत्रीजी की गाड़ी प्लेटफॉर्म पर आराम से निकल जाए। इसलिए यात्री बेचारे अपना सामान लेकर इधर-उधर दौड़ने लग गए। यात्रियों को क्या पता था कि पीएम मोदी ने सिर्फ गाड़ियों से लालबत्ती हटवाई है। सत्ता का नशा तो अभी मंत्रियों के दिमाग में भरा हुआ है। खैर, मंत्री तो ठहरे मंत्री। रुतबा ऐसा कि जिन पुलिसवालों को उनकी गाड़ी को रोकना था। वह भी सलामी ठोंकने में व्यस्त हो गए। थोड़ी देर में प्लेटफॉर्म पर ट्रेन आई और मंत्रीजी सवार होकर चले गए। न तो उनके कीमती जूते खराब हुए और न ही कपड़े। हालांकि, वहां कुछ जागरूक यात्री भी थे। उन्होंने मंत्रीजी के इस रुतबे का वीडियो बना लिया। मंत्रीजी की कार जिस रैंप पर चढ़ी थी। उसके नियम ये हैं कि केवल पैदल, दिव्यांग यात्री ही रैंप से होते हुए ऐस्कलेटर का उपयोग कर सकते हैं।

ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में मंत्री की कार को दिव्यांग लिए के बने रैंप पर चढ़ाते हुए सीधे प्लेटफार्म नंबर एक से सटे एस्केलेटर तक ले जाया गया। मंत्री के उतरने पर कार को रोक लिया गया। अचानक रेलवे स्‍टेशन के भीतर कार घुसने से यात्रियों में अफरातफरी का माहौल बन गया। मंत्री की कार वापस जाने के बाद माहौल सामान्‍य हुआ। विवाद बढ़ने के बाद मंत्री की ओर से दी गई सफाई में कहा गया है कि देर और बारिश होने के कारण कार को एस्केलेटर तक ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक, मंत्री धर्मपाल सिंह की कार को रैंप से पर चढ़ाते हुए एस्केलेटर तक ले जाने की व्यवस्था की गई।

Latest News

World News