Trending News

भाजपा चलायेगी 'यूपी नंबर 1 : सुझाव आपका, संकल्प हमारा' अभियान

[Edited By: Vijay]

Wednesday, 15th December , 2021 12:34 pm

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी जनता के सुझावों पर अपना संकल्प पत्र (घोषणा पत्र) तैयार करेगी। इसके लिए 'यूपी नंबर 1 : सुझाव आपका, संकल्प हमारा' अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का शुभारंभ बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से करेंगे। भाजपा का यह अभियान जनता से जुड़ने के लिए है। पार्टी का दावा है कि यह सबसे बड़ा संकल्प पत्र अभियान होगा।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री अश्वनी त्यागी ने बताया कि भाजपा की डबल इंजन सरकार द्वारा अगले पांच वर्षों में उत्तर प्रदेश को हर क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने का संकल्प लिया गया है। इसी विजन के साथ प्रदेशवासियों से उनकी अपेक्षाएं, आकांक्षाएं और सुझाव विभिन्न माध्यमों से एकत्रित किए जाएंगे। आकांक्षा पेटी के माध्यम से समाज के सभी वर्गों से उनके सुझाव लेने के लिए विधानसभा स्तर तक कार्यकर्ता जाएंगे।

संकल्प पत्र अभियान के दौरान प्रदेश के सभी प्रमुख महानगरों में संकल्प पत्र समिति के सदस्यों द्वारा विभिन्न सामाजिक व व्यावसायिक संगठनों के साथ संवाद कर उनके सुझाव एकत्रित किए जाएंगे। वेबसाइट, ई-मेल और मिस्ड काल के माध्यम से भी लोगों के सुझाव लिए जाएंगे। उन्हीं के आधार पर 2022 के विधानसभा चुनाव का संकल्प पत्र जारी किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उपमुख्यमंत्री डा. केशव प्रसाद मौर्य, डा. दिनेश शर्मा, संकल्प पत्र समिति के अध्यक्ष व संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना और अन्य सदस्य शामिल होंगे।

Latest News

World News