Trending News

भूपेंद्र सिंह चौधरी ने राज्य सरकार के पंचायती राज मंत्री पद से इस्तीफा दिया

[Edited By: Rajendra]

Tuesday, 30th August , 2022 01:39 pm

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पद का कार्यभार संभालने के बाद भूपेंद्र सिंह चौधरी ने राज्य सरकार के पंचायती राज मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। चौधरी ने मंगलवार को खुद ट्विटर पर यह जानकारी दी।

उन्होंने ट्वीट किया, “भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के दायित्व के सम्यक निर्वहन हेतु आज मंत्रिमंडल से त्यागपत्र दिया। अपने प्रथम और द्वितीय कार्यकाल में क्रमशः राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व कैबिनेट मंत्री के रूप में प्रदेश की जनता की सेवा का अवसर प्रदान करने तथा समय-समय पर दिए गए निर्देशों के लिए माननीय मुख्यमंत्री जी का एवं अनेक अवसरों पर प्रेरणादायी मार्गदर्शन व आशीर्वचन के लिए यशस्वी प्रधानमंत्री जी का हृदय से आभार।”

चौधरी ने मंत्री पद से इस्तीफा पार्टी के ‘एक व्यक्ति-एक पद’ सिद्धांत के आधार पर दिया है। इस्तीफा देने के बाद वह पार्टी पदाधिकारियों के साथ भाजपा मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि आने वाले नगर निकाय चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा रिकॉर्ड जीत दर्ज करेगी।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने 25 अगस्त को चौधरी को पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया था। उत्तर प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद चौधरी सोमवार को नयी दिल्ली से लखनऊ पहुंचे थे, जहां चारबाग रेलवे स्टेशन पर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया था।

मुख्यमंत्री ने निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि स्वतंत्र को स्वतंत्र नहीं होने देंगे। स्वतंत्र ने पिछली सरकार में परिवहन मंत्री के रूप में भी अच्छा काम किया था। अब जलशक्ति मंत्री के रूप में हर घर को नल और हर खेत को पानी पहुंचाने काम कर रहे है।

भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि सरकार और संगठन के बीच समन्वय का कोई विवाद नहीं है। संगठन ने सरकार बनाई है और सरकार संगठन के एजेंडे पर ही चल रही है। चौधरी ने सोमवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पार्टी के 14वें प्रदेश अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगामी नगरीय निकाय और लोकसभा चुनाव में शत प्रतिशत सीटें जिताने का संकल्प दिलाया। कहा, कार्यकर्ताओं के एजेंडे के आधार पर ही सबकुछ होगा।

पदभार ग्रहण समारोह में चौधरी ने कहा कि जनता को बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क व सुरक्षा देना और बेईमानी व भ्रष्टाचार खत्म करना संगठन के एजेंडे में है, सरकार उसी पर काम कर ही है तो विवाद किस बात का है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जो अपेक्षा की गई है उसे सब मिलकर पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने अनुच्छेद 370 हटाने, अयोध्या में राम मंदिर सहित कोर एजेंडे के सभी वादे पूरे किए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने से पहले बिजली और कानून व्यवस्था की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। सरकार ने काम किया, तभी 35 साल बाद कोई सरकार दोबारा बनी है। योगी पहले मुख्यमंत्री हैं जो दोबारा मुख्यमंत्री बने। उन्होंने कहा कि वर्तमान में अधिकांश विधायक, सांसद, जिला पंचायत अध्यक्ष, महापौर भाजपा के हैं, एक राजनीतिक दल के नाते इससे ज्यादा क्या अपेक्षा होगी। उन्होंने कहा कि विचारधारा के आधार पर सरकार और संगठन प्रदेश की बेहतरी के लिए काम करेंगे।

समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, सांसद, विधायक, मंत्री और पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपात्री, सूर्य प्रताप शाही, लक्ष्मीकांत बाजपेयी, केशव प्रसाद मौर्य व महेंद्रनाथ पांडेय और निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला ने किया।

नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एक समय था जब जनसंघ और भाजपा को कोई संज्ञान में नहीं लेता था। भाजपा को सामान्य वर्ग, व्यापारियों, उत्तर भारतीयों और हिंदीभाषी लोगों की पार्टी और गरीब व पिछड़ा विरोधी पार्टी बताया जाता था। पर लंबे समय की तपस्या के बाद पार्टी इस मुकाम तक पहुंची है कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक पार्टी का व्यापक जनाधार है। चौधरी ने कहा कि लोग पार्टी के कार्यकर्ताओं को असंतुष्ट बताते हैं जबकि वे तपस्वी और संघर्षशील हैं। महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने पूरा जीवन ही पार्टी को समर्पित कर दिया है।

चौधरी ने चुटकी लेते हुए कहा कि उनका दुर्भाग्य रहा कि उनके मित्र बहुत रहे। उन्होंने बताया कि विश्व हिंदू परिषद का पदाधिकारी रहे तो 90 प्रतिशत पदाधिकारी उनके आलोचक रहे। मुरादाबाद में भाजपा के जिलाध्यक्ष बने जिले की पूरी भाजपा उनके खिलाफ थी। क्षेत्रीय अध्यक्ष बनने की बारी आई तो पूरे पश्चिम क्षेत्र की भाजपा उनके खिलाफ हो गई लेकिन तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही ने उन्हें क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाया। उन्होंने कहा कि कोई विशेष योग्यता नहीं है लेकिन कार्यकर्ताओं व विचार की ताकत से यहां तक काम करने का मौका मिला है।

चौधरी ने कहा कि रमापति राम त्रिपाठी भाजपा के जिलाध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष रहे। उनके बाद राजनाथ सिंह भाजपा के जिलाध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे। और अब वह भाजपा के जिलाध्यक्ष से क्षेत्रीय अध्यक्ष के बाद प्रदेश अध्यक्ष बने हैं। इसलिए यह उनके लिए एतिहासिक है। उन्होंने कहा कि यह भाजपा में ही संभव है।

नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता और विचारधारा से जुड़े लोगों का समूह है। यहां कोई बड़ा छोटा नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा में राजनीतिक या सामाजिक जीवन की कोई मेरिट बनती है, जो लोग यहां बैठे हैं उन्होंने कोई तीर नहीं मारा है, वहां जो बैठे हैं उन्होंने भी पार्टी को शिखर तक पहुंचाने में योगदान दिया है लेकिन भाग्य हम लोगों का है तो क्या करें?

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार और संगठन साथ मिलकर प्रदेश को पूरी तरह भाजपामय बनाने और मिशन 2024 में सभी 80 सीटों पर जीतने में सफल होंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के पदभार ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार और संगठन जन आकांक्षा की पूर्ति के साथ 2024 मिशन को लेकर काम करेंगे। 2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा सभी 80 सीटों पर विजयी प्राप्त कर नया रिकार्ड बनाएगी।

भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन की जिम्मेदारी को बखूबी निभाने की क्षमता और योग्यता रखने वाले भूपेंद्र सिंह को प्रदेश का हर कार्यकर्ता जानता है। उन्होंने कहा कि बिना किसी प्रोपगंडा के पंचायतीराज व्यवस्था को सुदृढ़ करने, लोक कल्याण कारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के लिए कैसे काम किया जाता है चौधरी उसके एक उदाहरण है। इन्हीं क्षमता और गुणों के कारण ही प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व मिला है। उन्होंने कहा कि चौधरी प्रत्येक कार्यकर्ता को साथ में लेकर केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को आगे बढ़ाने, सरकार व संगठन के बीच समन्वय को आगे बढ़ाने में सफल होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नवनियुक्त महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने भी प्रदेश में विद्यार्थी परिषद के दायित्वों पर सभी क्षेत्रों में लंबे समय तक काम किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं को मूल्यों और सिद्धांतों पर काम करने के लिए उनका मार्गदर्शन मिलेगा।

54 वर्षीय चौधरी मुरादाबाद के महेंद्र सिकंदरपुर में रहने वाले एक किसान परिवार से आते हैं। वह राजनीतिक सफर के शुरुआती दिनों में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) से जुड़ गए थे।

पार्टी पदाधिकारियों के मुताबिक, चौधरी 1991 में भाजपा के सदस्य बने और कोषाध्यक्ष एवं मुरादाबाद जिला इकाई के जिलाध्यक्ष सहित विभिन्न पदों पर रहे। 1999 में उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) के तत्कालीन अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए।

चौधरी ने क्षेत्रीय मंत्री का पद संभाला और फिर क्षेत्रीय अध्यक्ष भी बने तथा 2017 तक इस पद पर रहे। पहली बार 2016 में विधान परिषद सदस्य चुने जाने के बाद वह उच् च सदन में पहुंचे और 2017 में योगी आदित् यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने के बाद उन् हें पंचायती राज विभाग का राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया।

2019 में चौधरी को इसी विभाग में कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई। 2022 में वह दोबारा विधान परिषद के सदस्य बने और योगी के नेतृत्व वाली दूसरी सरकार में पंचायती राज मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। एक मंत्री के रूप में चौधरी की उपलब्धियों में ‘स्वच्छ भारत मिशन’ के तहत रिकॉर्ड संख्या में शौचालय बनवाना और सभी 75 जिलों को खुले में शौच से मुक्त घोषित करना शामिल है।

Latest News

World News