Trending News

50 साल की उम्र में आकर उन्हें पता चला कि वह लड़की हैं और लड़ सकती हैं- बबीता फोगाट

[Edited By: Vijay]

Wednesday, 24th November , 2021 02:08 pm

अंतर्राष्ट्रीय पहलवान और दंगल फिल्म से घर घर में चर्चित बबीता फोगाट ने मंगलवार को ताजनगरी में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि 50 साल की उम्र में आकर उन्हें पता चला कि वह लड़की हैं और लड़ सकती हैं। यह बात सुनकर हंसी आती है। फोगाट ने कहा कि भाजपा राज में रामराज है। सपा की सरकार में गुंडों का राज था। उन्होंने युवोत्थान पर कहा कि युवाओं को प्रेरित किया जा रहा है। युवा देश का भविष्य हैं। दरअसल, बबीता फोगाट मंगलवार 23 नवंबर को आगरा जिले में भाजपा युवा मोर्चा द्वारा आयोजित युवोत्थान कार्यक्रम में शामिल होने आईं थी। इस दौरान उन्होंने कहा कि तीनों कृषि कानून वापस लेने के बाद भी जो किसान नेता आंदोलन पर अड़े हैं उनके गुप्त एजेंडे हैं। सरकार किसानों के साथ है। किसान जो चाहते थे, वह सरकार ने कर दिया, लेकिन अब किसान नेता अपनी राजनीति चमका रहे हैं। कहा कि किसानों के हित से ऐसे लोगों को कोई मतलब नहीं होता है। ऐसे लोग सर्फ चेहरा चमकाते हैं।

डा. आंबेडकर विवि के खंदारी परिसर स्थित जेपी सभागार में आयोजित युवोत्थान कार्यक्रम में उनके साथ भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी भी आए।

सुधांशु ने किया परिवारवाद पर हमला

राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि प्रदेश में चार साल में नया स्वरूप, विकास की नई रूपरेखा और स्वाभिमान का नया अभियान शुरू हुआ है। केंद्र और प्रदेश की सरकारें विकास की राजनीति कर रही हैं। देश का युवा राजनीति के पुराने घिसे हुए फार्मूले जिसमें जातिवाद, परिवारवाद, सम्प्रदायवाद था, उसे पीछे छोड़कर राष्ट्रवाद और विकास के रास्ते पर बढ़ रहा है। कृषि कानूनों का रद्द करने के बाद की स्थिति पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने इसके लिए समिति गठित की है। समिति फसलों के विविधीकरण, जैविक खेती पर चिंतन करेगी।

इस दौरान भाजयुमो ब्रजक्षेत्र अध्यक्ष मनीष गौतम, मंत्री गौरव राजावत, भाजयुमो महानगर अध्यक्ष शैलू पंडित, मोर्चा जिलाध्यक्ष हरिओम सिंह रावत, अक्षित जैन आदि मौजूद रहे।

 

 

Latest News

World News