Trending News

जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस को एक और झटका पूर्व केंद्रीय मंत्री कर्ण सिंह ने भी अब कांग्रेस छोड़ने के संकेत दिए

[Edited By: Rajendra]

Friday, 16th September , 2022 02:35 pm

हाल ही में दिग्गज नेता गुलाम नबी आजाद ने कांग्रेस का दामन छोड़कर जम्मू-कश्मीर से खुद की पार्टी बनाने की घोषणा की है। इसी बीच कांग्रेस को एक और झटका लग सकता है। महाराजा हरि सिंह के बेटे और पूर्व केंद्रीय मंत्री कर्ण सिंह ने भी अब कांग्रेस छोड़ने के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि मैंने 1967 में कांग्रेस जॉइन की थी, लेकिन आज पार्टी से मेरे रिश्ते न के बराबर हैं। कर्ण सिंह ने कहा, 'मैंने 1967 में कांग्रेस जॉइन की थी। लेकिन 8 से 10 सालों से मैं संसद का सदस्य नहीं हूं। वर्किंग कमिटी से भी मुझे बाहर कर दिया गया। हां, मैं कांग्रेस में हूं, लेकिन मेरा कोई संपर्क नहीं है। कोई मुझसे किसी भी चीज के लिए बात नहीं करता। मैं अपना काम करता हूं। मेरे पार्टी से रिश्ते न के समान हैं।'

23 सितंबर को महाराजा हरि सिंह की जयंती पर सरकारी अवकाश पर जम्मू-कश्मीर सरकार ने सहमति जताई है। इस पर महाराजा हरि सिंह के बेटे एवं कांग्रेस नेता कर्ण सिंह ने सभी को बधाई दी है। साथ ही उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया है।

कर्ण सिंह का यह बयान ऐसे समय में आया है जब केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में महाराजा हरि सिंह की जयंती पर छुट्टी के लिए सहमति मिली है और इसके साथ ही प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर सरगर्मियां तेज हैं। कर्ण सिंह ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर महाराजा हरि सिंह की जयंती पर सरकारी अवकाश की अपील की थी। उन्होंने अब इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया है।

कर्ण सिंह ने कहा, 'जब मेरे बेटे अजातशत्रु और विक्रमादित्य विधान परिषद के सदस्य थे, तो उन्होंने सदन में छुट्टी के बारे में प्रस्ताव पारित किया था। इसे किसी ने आगे नहीं बढ़ाया। मैं पीएम मोदी को धन्यवाद देना चाहता हूं। मैंने भी उन्हें इसके लिए लिखा था। मैं खुश हूं। काफी मशक्कत के बाद छुट्टी मंजूर हुई। मैं जम्मू की युवा पीढ़ी को बधाई देता हूं जिन्होंने प्रयासों को आगे बढ़ाया। किसी ने इसका विरोध नहीं किया।

कर्ण सिंह के इस बयान को उनकी ओर से कांग्रेस छोड़ने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। जम्मू-कश्मीर रियासत के आखिरी महाराजा हरि सिंह के बेटे कर्ण सिंह 1967 से 1973 तक केंद्र सरकार में मंत्री थे। हालांकि बीते कई सालों से वह उपेक्षित चल रहे हैं। गुलाम नबी आजाद की तरह ही कर्ण सिंह से भी पीएम नरेंद्र मोदी के अच्छे रिश्ते हैं। हाल ही में उन्होंने एक पुस्तक लिखी थी, जिसका विमोचन खुद पीएम नरेंद्र मोदी ने किया था और कर्ण सिंह की इस मौके पर जमकर तारीफ की थी। कर्ण सिंह ने भले ही अपने अगले प्लान के बारे में कुछ नहीं बताया है, लेकिन पार्टी छोड़ने के कयास लगने लगे हैं।

Latest News

World News