Trending News

विधान परिषद में सपा के लिए एक और झटका

[Edited By: Rajendra]

Friday, 3rd February , 2023 12:35 pm

यूपी एमएलसी चुनाव में पांच सीटों पर गिनती पूरी हो गई है। इन पांच सीटों में से बीजेपी ने चार सीटों पर जीत दर्ज की है। जबकि एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत दर्ज की। लेकिन इस चुनाव में समाजवादी पार्टी को सभी सीटों पर हार का सामना करना पड़ा है। इस हार के बाद अब सपा को एक और झटका लगा है।

दरअसल, सपा के लिए एमएलसी चुनाव में कम से कम एक सीट पर जीत जरूरी थी, जिससे विधान परिषद चुनाव में नेता विपक्ष की कुर्सी को बचाया जा सके। सदन में सपा के कुल नौ सदस्य हैं और पार्टी को नेता विपक्ष की कुर्सी को बचाए रख पाने के लिए एक सीट जरूरी थी। लेकिन पार्टी तमाम प्रयासों के बाद भी नहीं जीत सकी। इसे विधान परिषद में सपा के लिए एक और झटका माना जा रहा है। अब विधान परिषद के कुल सौ सदस्यों में केवल नौ सपा के सदस्य हैं।

एमएलसी चुनाव में गोरखपुर फैजाबाद स्नातक खंड सीट पर देवेंद्र प्रताप सिंह, कानपुर-उन्नाव स्नातक खंड सीट पर अरुण पाठक, झांसी-इलाहाबाद शिक्षक खंड सीट पर बाबूलाल तिवारी और बरेली-मुरादाबाद खंड स्नातक सीट पर डॉक्टर जय पाल सिंह व्यस्त ने जीत दर्ज की है। बता दें कि विधान परिषद के पांच सदस्यों का कार्यकाल 12 फरवरी को खत्म हो रहा है। जिसके लिए चुनाव के एलान के बाद बीते 30 जनवरी को वोटिंग हुई थी। वहीं दो फरवरी को वोटों की गिनती हुई।

शिक्षक संघ गुट के प्रत्याशी राज बहादुर सिंह चंदेल ने 6वीं बार जीत दर्ज की है। उन्होंने 1548 वोटों से अपने प्रतिद्वंदी हेमराज को हराया। हेमराज को 3681 मत मिले। वहीं भाजपा प्रत्याशी वेणु रंजन भदौरिया तीसरे नंबर पर रहे। उन्हें 3282 मत मिले। सपा की प्रियंका यादव चौथे नंबर रहीं, उन्हें 670 मत ही प्राप्त हुए। सातवीं राउंड की काउंटिंग के बाद जीत-हार का फैसला हो सका।

कानपुर-उन्नाव स्नातक और शिक्षक एमएलसी की हार-जीत के परिणाम 22 घंटे चली वोटों की गिनती के बाद घोषित कर दिए गए हैं। स्नातक निर्वाचन के लिए भाजपा के अरुण पाठक ने भारी मतों से विजय हासिल की।

स्नातक एमएलसी के लिए शुक्रवार सुबह करीब छह बजे मतों की गिनती समाप्त हो गई। भाजपा के अरुण पाठक को 53285 मत मिले। डा। कमलेश यादव को आठ हजार वोट मिले थे। कोटे के 50 प्रतिशत से अधिक मत मिलने के कारण उन्हें विजयी घोषित कर दिया गया।

इलाहाबाद-झांसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना बुंदेलखंड महाविद्यालय के कोठारी हॉल में पूरी हो गई। शुक्रवार सुबह आए परिणाम में भाजपा प्रत्याशी डॉ। बाबूलाल तिवारी ने 1403 वोटों से जीत दर्ज की है। उन्होंने तीन बार से लगातार शिक्षक एमएलसी सुरेश कुमार त्रिपाठी को हराया है।

बताया जा रहा है कि तिवारी को 10205 वोट मिले हैं, जबकि सुरेश कुमार त्रिपाठी को 8802 वोट मिले हैं। ये परिणाम दूसरे राउंड की मतगणना में सामने आए हैं। पहले राउंड की मतगणना में किसी भी प्रत्याशी ने जीत दर्ज नहीं की थी। इसलिए दूसरी बार काउंटिंग देर रात शुरू हुई।

बरेली-मुरादाबाद खंड स्नातक चुनाव के आज तड़के नतीजे आए। भाजपा के जयपाल सिंह व्यस्त तीसरी बार लगातार एमएलसी बने। रात में भाजपा और सपा के समर्थकों की संख्या भी कम रही। इस सीट पर भाजपा की 8वीं जीत है। 1986 से यहां भाजपा चुनाव जीत रही है। शुक्रवार सुबह कमिश्नर संयुक्ता समद्दार ने भाजपा प्रत्याशी जयपाल सिंह को जीत का प्रमाण पत्र सौंपा। इस दौरान भाजपा समर्थक उन्हें काफिले के साथ बरेली से लेकर रवाना हुए। वह मौजूदा एमएलसी भी हैं।

गोरखपुर फैजाबाद खंड स्नातक सीट पर भाजपा प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है। भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र प्रताप सिंह ने 17,562 वोटों से जीत दर्ज की है। उन्होंने सपा प्रत्याशी करुणाकांत मौर्य को हराया है। देवेंद्र ने कहा कि सपा की हवा निकल चुकी है। 2024 में हमने सभी 80 सीटों पर कमल खिलाने की तैयारी कर ली है।

एमएलसी चुनाव में जीत का परचम लहराने के बाद भाजपा ने खुशी जताई है। सीएम योगी ने बधाई दी है। उन्होंने कहा, "उत्तर प्रदेश विधान परिषद के चुनाव में विजयी सभी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई। लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति गहरी आस्था रखने वाले कर्मठ सदस्यों की उपस्थिति उप्र विधान परिषद की गरिमा को बढ़ाएगी।"

वहीं, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, "शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव 2023 में भाजपा प्रत्याशियों को जीत की हार्दिक बधाई। बुद्धिजीवी वर्ग ने 2024 का संदेश दिया। मतदाताओं के प्रति आभार। कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई। हिंदुओं और रामचरितमानस विरोधी, अहंकारी और गुंडागर्दी करने वाली सपा का सफाया।।।समाप्तवादी पार्टी बनेगी सपा।

मतदान करने वाले जिलों में प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, जालौन, झांसी, ललितपुर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं, रामपुर, मुरादाबाद, अमरोहा, बिजनौर, सम्भल, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, सन्त कबीर नगर, गोरखपुर, महाराजगंज, देवरिया कुशीनगर, आजमगढ़, मऊ, सुल्तानपुर, अयोध्या, अमेठी और अम्बेडकरनगर जिले हैं।

Latest News

World News