Trending News

इनकम टैक्स के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय के लोग भी आयेगें- सपा प्रमुख ने कहा छापेमारी के बाद

[Edited By: Vijay]

Saturday, 18th December , 2021 01:32 pm

आयकर विभाग की टीम ने शनिवार को समाजवादी पार्टी के नेताओं के कई ठिकानों पर छापे मारे। इस पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रायबरेली में प्रेस कांफ्रेंस करते हुए कहा कि भाजपा कांग्रेस की तरह बर्ताव कर रही है। अभी आईटी टीम आई है अब ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) वाले भी आएंगे।

उन्होंने कहा कि अगर उनके पास पहले से जानकारी थी तो पहले कार्रवाई करनी चाहिए थी चुनाव से दो महीने पहले ये कार्रवाई हो रही है। जो कि दिखाता है कि आईटी और सीबीआई वाले भी चुनाव लड़ रहे हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि इसके पहले भी बंगाल में जिस तरह से केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल किया गया था लेकिन जनता ने भाजपा को हरा दिया।

अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा कि भाजपा का हार का डर जितना बढ़ता जायेगा, विपक्षियों पर छापों का दौर भी उतना बढ़ता जाएगा फिर भी सपा का रथ व हर कार्यक्रम बदस्तूर चलता जाएगा।

अब तो जनता पूरी तरह भाजपा के ख़िलाफ़ विपक्ष के साथ खड़ी है, अब क्या बाइस के लिए भाजपा सरकार उप्र की बाइस करोड़ जनता के यहाँ छापे डालेगी।

उन्होंने कहा कि जनता भाजपा सरकार से बुरी तरह नाराज है और अब सपा की तरफ देख रही है। इससे भाजपा के होश उड़े हुए हैं और अब वो एजेंसियों का सहारा ले रहे हैं। ये कोई नई बात नहीं है लेकिन जनता मन बना चुकी है और 2022 के चुनाव में भाजपा का सफाया हो जाएगा।

'24 घंटे काम करने वाले बाबा को नहीं पता कि जनता को कब खाद चाहिए'

इसके पहले उन्होंने रायबरेली में विजय रथ यात्रा में जनता को संबोधित करते हुए भाजपा पर जमकर तंज कसे। उन्होंने कहा कि 24 घंटे काम करने वाले बाबा को पता ही नहीं कि किसान को खाद कब चाहिए। उन्होंने बिजली, खाद और बेरोजगारी के मुद्दे पर भाजपा को घेरा।

अखिलेश ने कहा कि हर मोर्चे पर भाजपा सरकार विफल रही है। जनसभा में मौजूद शिक्षामित्रों और अटेवा के लोगों से सवाल किए कि उनकी समस्या किसकी पैदा की हुई है। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर युवाओं की समस्याओं का समाधान करने का दावा करते हुए पूछा कि योगी सरकार चाहिए कि योग्य सरकार।

अखिलेश ने आगे कहा कि धान सड़ गया। सरकार कम भाव पर खरीद रही है। बिजली महंगी कर दी है। किसानों को समय से खाद नहीं मिल सकी जिससे बुआई प्रभावित हुई। खाद की बोरी से भी पांच किलो खाद भाजपा ने चुरा ली। समाजवादी सरकार ने एंबुलेंस चलाई, भाजपा सरकार उसकी व्यवस्था भी ठीक नहीं रख सकी।

 

 

Latest News

World News