Trending News

मैनपुरी लोकसभा सीट पर डिंपल यादव ने कलेक्ट्रेट पर पहुंचकर नामांकन किया, शिवपाल सिंह नहीं आए

[Edited By: Rajendra]

Monday, 14th November , 2022 04:57 pm

मैनपुरी लोकसभा सीट पर उपचुनाव में सपा ने डिंपल यादव को चुनाव मैदान में उतारा है। डिंपल यादव ने पति अखिलेश यादव के साथ कलेक्ट्रेट पर पहुंचकर नामांकन किया। नामांकन के बाद सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि ये नेताजी की यादों का चुनाव है। इसमें अब तक की सबसे बड़ी जीत होगी। वहीं शिवपाल सिंह यादव और उनके बेटे आदित्य यादव ने साथ न आने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि नामांकन सादगी से करने आए थे। हम सब साथ हैं।

बता दें उनके साथ शिवपाल सिंह या आदित्य यादव नजर नहीं आए, जबकि पूर्व में प्रोफेसर रामगोपाल यादव द्वारा आदित्य यादव के साथ आने का दावा किया गया था। बता दें मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद खाली हुई मैनपुरी लोकसभा सीट पर सपा ने उनकी पुत्रवधू और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को प्रत्याशी बनाया गया है।

डिंपल यादव के साथ सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव और पूर्व सांसद मैनपुरी तेजप्रताप यादव मौजूद रहे। वहीं लोगों की नजरें शिवपाल सिंह यादव और उनके बेटे आदित्य यादव को तलाशती नजर आईं। डिंपल यादव से पहले कलेक्ट्रेट पहुंचे सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने दावा किया था कि शिवपाल सिंह से पूछ कर ही उपचुनाव में प्रत्याशी उतारा गया है। नामांकन में शिवपाल सिंह के बेटे और प्रसपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य यादव मौजूद रहेंगे, लेकिन नामांकन में आदित्य यादव नजर नहीं आए।

प्रशासन ने व्यवस्था के अनुसार नामांकन स्थल पर लगे प्रथम बैरियर पर ही डिंपल यादव की गाड़ी को रोक दिया। यहां से डिंपल यादव, अखिलेश यादव, प्रोफेसर रामगोपाल यादव,तेज प्रताप यादव और प्रस्तावकों को ही प्रवेश दिया गया। बैरियर से नामांकन स्थल तक सभी पैदल ही गए।वहीं सुरक्षा कर्मियों को भी प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। वहीं धर्मेंद्र यादव और

2019 में हुए लोकसभा चुनाव में मैनपुरी लोकसभा सीट से मुलायम सिंह यादव सांसद चुने गए थे। बीते 10 अक्तूबर को उनके निधन के बाद मैनपुरी सीट खाली हो गई है। इस पर पांच नवंबर को चुनाव आयोग ने उप चुनाव की घोषणा कर दी थी। उप चुनाव के लिए जारी अधिसूचना के अनुसार 10 नवंबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस उपचुनाव में समाजवादी पार्टी ने डिंपल यादव को मैदान में उतारा है। आज करीब 1.30 बजे डिंपल यादव पति अखिलेश यादव के साथ मैनपुरी कलेक्ट्रेट स्थित नामांकन कक्ष में नामांकन दाखिल करने पहुंचीं। उनके साथ सपा जिला अध्यक्ष आलोक शाक्य, प्रोफेसर रामगोपाल यादव, पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव, पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव भी नजर आए।

मैनपुरी लोकसभा में पांच विधानसभा मैनपुरी, भोगांव, किशनी, जसवंतनगर और करहल हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में जब सपा-बसपा के संयुक्त उम्मीदवार के तौर पर मुलायम सिंह यादव चुनाव लड़े थे तो भोगांव में वह करीब 26 हजार वोटों से भाजपा उम्मीदवार से पिछड़ गए थे। वहीं, मैनपुरी विधानसभा से मुलायम की लीड 7 हजार वोटों से भी कम थी। करहल और जसवंतनगर से मिली बड़ी लीड ने मुलायम को 94 हजार वोटों से जीत दिलाई थी। विधानसभा चुनाव में भी भोगांव व मैनपुरी भाजपा के खाते में गई।

इसलिए, उपचुनाव में भोगांव व मैनपुरी से पार पाना सपा के लिए बड़ी चुनौती होगा। सपा ने इसको देखते हुए जमीनी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। सपा मुखिया अखिलेश यादव सहित सैफई परिवार की सक्रियता तो बढ़ी है, पार्टी के दूसरे चेहरों ने भी जमीनी संपर्क की रूपरेखा बनानी शुरू कर दी है।

मुलायम को सबसे अधिक 62 हजार की लीड शिवपाल यादव की जसवंतनगर विधानसभा से मिली थी। 2019 में भी हालांकि शिवपाल सपा उम्मीदवार अक्षय यादव के खिलाफ फिरोजाबाद सीट से चुनाव लड़े थे लेकिन मुलायम को लेकर उनका कोई विरोध नहीं था। इसलिए, सपा के खिलाफ होते हुए भी शिवपाल मुलायम के साथ थे। मुलायम के निधन के बाद शिवपाल अपनी सियासी महत्वाकांक्षाओं के विस्तार में लगे हैं। ऐसे में उनकी भूमिका भी सपा व भाजपा दोनों के ही लिहाज से अहम होगी। शिवपाल सपा के खिलाफ सक्रिय हुए तो उसका फायदा भाजपा को मिलेगा और परिवार के साथ खड़े हुए तो डिंपल की राह आसान होगी।

सपा यादव-मुस्लिम समीकरण के अलावा शाक्य जिलाध्यक्ष बनाकर गैर-यादव ओबीसी समीकरण साधने पर लगी है। वहीं, पिछले चुनावों में शाक्यों को अपने साथ जोड़ने में सफल रही भाजपा इस बार भी उनके साथ की उम्मीद कर रही है। मैनपुरी लोकसभा में ठाकुर वोटर भी प्रभावी संख्या में हैं और भाजपा ने मैनपुरी से ही विधायक जयवीर सिंह को मंत्री बना रखा है। चुनाव में बसपा की गैर-मौजूदगी में दलित वोटों को भी अपने पाले में करने की जुगत में लगी है। इसलिए, मैनपुरी से डिंपल की जीत के लिए सपा को जमीन पर काफी पसीना बहाना होगा।

Latest News

World News