Trending News

कानपुर के गंगा घाटों पर स्नान के लिए उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

[Edited By: Arshi]

Thursday, 9th June , 2022 01:33 pm

कानपुर में गंगा दशहरा पर्व पर मां गंगा में हजारों की तादाद में भक्तों ने डुबकी लगाकर दान-पुण्य किया। दूर-दूर से लोग गंगा स्नान के लिए शहर पहुंचे थे। सुबह से गंगा घाटों के किनारे भक्तों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। भक्तों ने गंगा स्नान करने के बाद घाट के किनारे पंड़ितों, कन्याओं, साधु संतों को भोजन करा उन्हें दक्षिणा दी। इसके अलावा मां गंगा का विधि-विधान के साथ श्रृंगार कर उन्हें चुनरी अर्पित की।


गंगा दशहरा पर्व पर बुधवार देर रात से ही लोगों की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी। जिस कारण सेंट्रल स्टेशन व बस अड्डों में भी काफी भीड़ रही। भक्तों ने स्नान करने के बाद भगवान शिव का अभिषेक किया और चंदन का टिका लगाकर भगवान से सुख समृद्घि की कामना की। वहीं, बहुत से लोग बोतलों में भरकर घर के लिए गंगाजल भी ले गए।


आज के दिन गंगा में आस्था की डुबकी लगाने से दस तरह के पापों का नाश होता है। आज के दिन चार शुभ योग बने है। गुरु-चंद्रमा और मंगल का दृष्टि संबंध रहेगा। इससे गज केसरी और महालक्ष्मी योग का निर्माण हुआ है। वहीं, वृष राशि में सूर्य-बुध की युति से बुधादित्य योग बना है। इसके अलावा सूर्य और चंद्रमा के नक्षत्रों से पूरे दिन रवि योग रहा है। इस घड़ी में गंगा स्नान करने व दान करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है।

 

Latest News

World News