[Edited By: Vijay]
Friday, 11th March , 2022 12:16 pmमथुरा के बरसाना में शुक्रवार को विश्व प्रसिद्ध लट्ठमार होली खेली जाएगी। राधा रानी रूपी गोपियां नंदगांव से आने वाले कृष्ण रूपी हुरियारों पर जमकर लाठियां बरसाएंगी। साथ ही खेली जाएगी लट्ठमार होली। हंसी, ठिठोली, गाली, अबीर, गुलाल और लाठियों से खेली जाने वाली इस होली को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु बरसाना पहुंच गए हैं।
लट्ठमार होली खेलने नंदगांव के कृष्ण रूपी हुरियारे राधारानी के गांव बरसाना में लट्ठमार होली खेलने आते हैं। यहां बरसाना की राधा रूपी गोपियां उनके साथ लट्ठमार होली खेलती हैं। बरसाना की रंगीली गली में खेली जाने वाली इस होली को देखने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बरसाना आते हैं।
नंदगांव के हुरियारों का होता है मिठाई और ठंडाई से स्वागत
नंदगांव से बरसाना होली खेलने आने वाले हुरियारे सबसे पहले बरसाना स्थित पीली पोखर पहुंचते हैं। यहां पर बरसाना के निवासी हुरियारों का स्वागत करते हैं। पीली पोखर पर हुरियारों को मिठाई और ठंडाई पिला कर स्वागत किया जाता है। यहीं पर नंदगांव के हुरियारे होली खेलने की तैयारी करते हैं।
ब्रज दूल्हा के दर्शन करने के बाद शुरू होती है लट्ठमार होली
बरसाना में पीली पोखर पर स्वागत और तैयारी के बाद नंदगांव के हुरियारे पहले राधारानी के दर्शन करने मंदिर जाते हैं। मंदिर में राधारानी के दर्शन करने के बाद हुरियारे कटारा हवेली जाते हैं। जहां वह ब्रज दूल्हा के दर्शन करते हैं। ब्रज दूल्हा यहां भगवान कृष्ण को कहा जाता है।
मान्यता है कि जब भगवान कृष्ण बरसाना में होली खेलने आए, तो उनको राधारानी की सखियों ने घेर लिया जिसके बाद वह छुप गए। भगवान कृष्ण को होली खेलने के लिए ढूंढने निकली सखियों को जब भगवान कृष्ण इस स्थान पर छुपे मिले तो सखियां उनसे कहती हैं यहां दूल्हा की तरह छुपे हुए हो चलो होली खेलो। तभी से यहां भगवान कृष्ण का नाम ब्रज दूल्हा पड़ गया। यहां से हुरियारे जैसे ही बाहर निकलते हैं उसी समय होली शुरू हो जाती है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
बरसाना में विश्व प्रसिद्ध लट्ठमार होली को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। यहां पूरे बरसाना कस्बे में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा 24 से ज्यादा स्थानों पर पार्किंग भी बनाई गई है। होली के दौरान सादा वर्दी में भी पुलिस कर्मी घूमते रहेंगे।