Trending News

मनीष सिसोदिया ने भाजपा सांसद मनोज तिवारी पर केजरीवाल को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया

[Edited By: Rajendra]

Friday, 25th November , 2022 12:12 pm

दिल्ली में निगम चुनाव और गुजरात में विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी और भाजपा आमने-सामने है। दोनों पार्टियों के बीच जमकर आरोप-प्रत्यारोप जारी है। इस बीच दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भाजपा सांसद मनोज तिवारी पर केजरीवाल को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा है कि पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल की हत्या हो सकती है। उन्होंने कहा है कि एमसीडी और गुजरात में हार के डर से भाजपा साजिश रच रही है। सिसोदिया ने भाजपा सांसद मनोज तिवारी का भी नाम लिया और उन पर साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने तिवारी को गिरफ्तार करने की मांग करते हुए चुनाव आयोग और पुलिस से शिकायत करने की बात कही है।"

मनीष सिसोदिया ने कहा कि भाजपा के सांसद मनोज तिवारी ने कल जिस तरह से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को धमकी दी है उससे साफ है कि भाजपा अरविंद केजरीवाल की हत्या कराना चाहती है। भाजपा अब अन्य हथकंडे अपनाने में असफल रही है, इसलिए यह साजिश रच रही है। मनोज तिवारी ने सीएम को हत्या की धमकी दी है। इसकी पूरी जांच होनी चाहिए। आज हम इसकी शिकायत चुनाव आयोग और पुलिस में शिकायत करेंगे। यह बड़ा सवाल है कि मनोज तिवारी को कैसे पता है कि अरविंद केजरीवाल पर हमला होने जा रहा है। साफ है कि उनकी ओर से योजना बनाई जा रही है। डिप्टी सीएम ने कहा कि दिल्ली में नगर निगम चुनाव और गुजरात में जिस तरह विधानसभा चुनाव के लिए माहाैल बना हुआ है, इससे भाजपा बुरी तरह घबराई हुई है। उसे दोनों जगह आम आदमी पार्टी की जीत साफ दिख रही है।

दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए टिकट न मिलने पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता संदीप भारद्वाज द्वारा आत्महत्या कर लेने पर मनीष सिसोदिया ने कहा कि यह बहुत ही दुखद घटना है, मगर इसे टिकट से नहीं जोड़ सकते हैं, यह ठीक नहीं है।

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने आम आदमी पार्टी नेता मनीष सिसोदिया के आरोपों पर जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल मनीष सिसोदिया को जेल भेजने की बात करते हैं, सिसोदिया हत्या की बात करते हैं। दोनों में क्या चल रहा है। ये कन्फ्यूज कर रहे हैं। इन लोगों को सड़क पर सुरक्षा देना जरूरी है। अगर इस प्रकार से कट्टर ईमानदारी की बात करने के बाद भ्रष्टाचार और टिकटों की बिक्री और लोगों को मौत के कगार तक पहुंचाने की प्रतिक्रिया आएंगी तो भारतीय जनता पार्टी चुप रह के तमाशा नहीं देख सकती।

उन्होंने कहा कि मैंने सिर्फ केजरीवाल की सुरक्षा के लिए चिंता जताई थी। उनके विधायक पीटे जा रहे हैं और पार्टी के एक कार्यकर्ता की मौत हो चुकी है। मेरे लिए चिंता का विषय है। हत्या और हत्या की धमकी की स्क्रिप्ट बहुत पुरानी है। सिर्फ साल बदलते हैं, उनके आरोप समान रहते हैं।

आप कार्यकर्ता की मौत पर मनोज तिवारी ने कहा कि संदीप भारद्वाज ने आत्महत्या नहीं की, उनकी हत्या हुई है। इस केस में उच्चस्तरीय जांच हो। न्यायिक जांच हो। संदीप भारद्वाज की हत्या की तह में जाना पड़ेगा। लोगों को जवाब मिलना चाहिए। ऐसी स्थिति में भाजपा मांग करती है कि संदीप भारद्वाज की मौत को आत्महत्या का रूप दिया गया है। कई लोगों के द्वारा आत्महत्या तक पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि इसकी जांच होनी चाहिए। सभी एजेंसी तक बात पहुंचे, जो केस में जांच करें। उम्मीद है कि न्याय मिलेगा। वो आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता थे। टिकट के दावेदार थे। जिस प्रकार के प्रमाण, साक्ष्य आ रहे हैं। ये आत्महत्या नहीं लगती।

Latest News

World News