Trending News

देश में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या 62 लाख 25 हजार के पार

[Edited By: Rajendra]

Wednesday, 30th September , 2020 11:25 am

देशभर में कोरोना वायरस के संक्रमितों का आंकड़ा दिन पर दिन बढ़ता जा रहा है। ब्राजील को पछाड़कर भारत दुनिया का दूसरा सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमित देश हो गया है। यहां 62 लाख से अधिक केस सामने आ चुके हैं। देश में इस वायरस से संक्रमितों की संख्या 62 लाख 25 हजार के पार पहुंच चुकी है।

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, भारत में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 80,472 नए मामले सामने आए और 1,179 मौतें हुईं। देश में पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 62,25,764 हो गई है जिसमें 9,40,441 सक्रिय मामले, 51,87,826 ठीक/डिस्चार्ज/विस्थापित मामले और 97,497 मौतें शामिल हैं।

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के मुताबिक, मंगलवार (29 सितंबर) तक कोविड-19 के 7,41,96,729 सैंपल टेस्ट किए गए। इनमें से 10,86,688 सैंपलों का टेस्ट कल किया गया था। पॉजिटिविटी रेट 7 प्रतिशत से कम है। कोरोना वायरस के 54% मामले 18 साल से 44 साल की उम्र के लोगों को हैं लेकिन कोरोना वायरस से होने वाली 51% मौतें 60 साल और उससे अधिक उम्र के लोगों में हुईं हैं।

बढ़ते कोरोना मामलों के बीच राहत की बात है कि मृत्यु दर और एक्टिव केस रेट में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मृत्यु दर गिरकर 1.64% हो गई। इसके अलावा एक्टिव केस जिनका इलाज चल है उनकी दर भी घटकर 21% हो गई है। इसके साथ ही रिकवरी रेट यानी ठीक होने की दर 78% हो गई है। भारत में रिकवरी रेट लगातार बढ़ रहा है।

देश के अलग-अलग राज्यों से कोरोना के जो आंकड़े सामने आ रहे हैं वह बेहद चिंताजनक हैं। महाराष्ट्र में अब तक कोरोना के 13,66,129 केस सामने आ चुके हैं। कोरोना प्रभावित राज्यों में महाराष्ट्र पहले नंबर पर है। राज्य में कोरोना के 2,60,363 मामले सक्रिय हैं। अब तक 10,69,159 लोगों को डिस्चार्ज किया जा चुका है और 36,181 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में पिछले 24 घंटे में 14,976 नए मामले सामने आ चुके हैं। वहीं, 430 लोगों की मौत हो चुकी है।

वहीं, आंध्र प्रदेश कोरोना प्रभावित राज्यों में दूसरे नंबर पर है। राज्य में अब तक कोरोना के 6,87,351 केस सामने आ चुके हैं। इनमें 59,435 मामले सक्रिय हैं और 6,22,136 लोगों को डिस्चार्ज किया जा चुका है। राज्य में अब तक कोरोना से 5,780 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। प्रदेश में एक दिन में 6,190 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, 35 लोगों की नई मौत दर्ज की गई है।

कोरोना प्रभावित राज्यों में कर्नाटक तीसरे नंबर पर पहुंच गया है। कर्नाटक में अब तक कोरोना के 5,92,911 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 1,07,737 केस सक्रिय हैं और 4,76,378 लोगों को डिस्चार्ज किया जा चुका है। राज्य में कोरोना से अब तक 8,777 लोगों की जान जा चुकी है। राज्य में 10,453 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, 136 नई मौत दर्ज की गई है।

कोरोना प्रभावित राज्यों में तमिलनाडु चौथे नंबर पर है। तमिलनाडु में कोरोना के अब तक 5,91,943 मामले सामने आ चुके हैं। राज्य में 46,281 सक्रिय केस हैं और 5,36,209 लोगों को अस्पताल से इलाज के बाद छुट्टी दी जा चुकी है। अब तक 9,453 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में 24 घंटे में 5,546 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, 70 नई मौत दर्ज की गई है।

उत्तर प्रदेश कोरोना प्रभावित राज्यों की सूची में पांचवें नंबर पर है। प्रदेश में कोरोना के 3,94,856 मामले सामने आए हैं, जिनमें 52,160 सक्रिय मामले हैं जबकि 3,36,981 स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, राज्य में अब तक 5,715 लोग इस वायरस से अपनी जान गंवा चुके हैं। प्रदेश में 3,981 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, 63 नई मौत दर्ज की गई है।

देश की राजधानी दिल्ली कोरोना प्रभावित राज्यों में छठे नंबर पर है। दिल्ली में कोरोना के अब तक 2,76,325 मामले सामने आए हैं। राजधानी में कोरोना के 27,524 सक्रिय मामले हैं। अब तक 2,43,481 लोगों को इलाज के बाद डिस्चार्ज किया जा चुका है। कोरोना की चपेट में आकर अब तक 5,320 लोगों की मौत हो चुकी है। राजधानी में पिछले 24 घंटे में 3,227 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, 48 नई मौत दर्ज की गई है।

Latest News

World News