Trending News

कानपुर- ईनामी बदमाश विक्की सोनी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, हत्या, लूट जैसे कई केस दर्ज

[Edited By: Punit tiwari]

Wednesday, 17th March , 2021 03:22 pm

कानपुर-STF और पुलिस के लिए डेढ़ साल से चुनौती बना एक लाख का इनामी बदमाश विक्की सोनी आखिरकार गिरफ्तार हो गया। मंगलवार रात गर्लफ्रेंड को घर छोड़कर जा रहे विक्की सोनी की कानपुर के पनकी में एसटीएफ से मुठभेड़ हो गई। एसटीएफ और विक्की के बीच कई राउंड फायरिग हुई। एसटीएफ की घेराबंदी देख भागने की फिराक में विक्की बाइक समेत नाले में जा गिरा। जिसकी वजह से उसके पैर में गंभीर चोट आ गई। इसी दौरान एसटीएफ ने उसे दबोच लिया।

पुलिस ने इलाज के लिए उसे हैलट अस्पताल में भर्ती कराया है। पनकी के शताब्दी नगर में एसटीएफ के साथ उसकी मुठभेड़ हुई। दोनों तरफ से 10-12 राउंड फायरिंग हुईं। उसके पास से एक बाइक, 32 बोर की पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। विक्की सोनी पुलिस को चकमा देकर बीते 03 अक्टूबर 2019 को कोर्ट में पेशी के दौरान फरार हो गया था। इसके बाद से विक्की सोनी पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। डेढ़ साल से वह पुलिस को चकमा देकर कुछ महीने मुंबई में और फिर नेपाल में रह रहा था।

एसटीएफ सीओ टीबी सिंह के मुताबिक सर्विलांस के जरिये पता चला कि विक्की मंगलवार को शहर आने वाला है। दोपहर करीब एक बजे से उसकी तलाश शुरू हुई। एसटीएफ को वह पनकी शताब्दी नगर में रामगंगा एंक्लेव के पास नजर आया। उसके साथ नौबस्ता का रामजी मिश्रा व एक अन्य साथी भी था। विक्की सोनी पर हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, रंगदारी के मुकदमे दर्ज हैं। विक्की ने 29 अक्टूबर 2015 को नौबस्ता के अवास विकास हंसपुरम स्थित एक होटल के पास रोहित भदौरिया की हत्या कर दी थी। रोहित भदौरिया चर्चित मर्डर केस था। इस हत्याकांड में विक्की के साथ रामजी मिश्रा और रोहित बहेलिया को जेल भेजा गया था।

 

Latest News

World News