Trending News

दिल्ली में 24 घंटे के भीतर दो हत्याओं ने लोगों में सनसनी

[Edited By: Rajendra]

Friday, 28th July , 2023 02:05 pm

दिल्ली में 24 घंटे के भीतर दो हत्याओं ने लोगों में सनसनी फैला दी है। दिल्ली के पॉश इलाके मालवीय नगर में शु्क्रवार को दिनदहाड़े एक लड़की का मर्डर हो गया। वहीं एक दिन पहले डाबरी इलाके में एक बिल्डर की पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

दिल्ली के मालवीय नगर में एक लड़की पर रॉड से हमला करने के मामला सामने आया है। रॉड से किए गए इस हमले में लड़की की मौत हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना अरबिंदो कॉलेज के पास की है। आरोपित लड़की पर रॉड से हमला करने के बाद मौके से फरार हो गया। हमलावर लड़के की उम्र 25 साल के आसपास बताई जा रही है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

मालवीय नगर के कमला नेहरू कॉलेज में पढ़ने वाली लड़की पर कॉलेज के बाहर एक पार्क में लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया। सिर पर लोहे की रॉड मारने से वह बुरी तरह जख्मी हो गई, जिससे उसकी वहीं मौत हो गई। हत्या के आरोपी मौके से फरार हो गया है। फिलहाल घटना की जानकारी होते ही डीसीपी साउथ मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टपॉर्टम के लिए भेज जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस कॉलेज और आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा वह आरोपी को पकड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज को खंगालेगी।

पुलिस के बताया कि दोपहर करीब 12 बजकर आठ मिनट के आसपास जानकारी मिली थी कि अरबिंदो कॉलेज के पास विजय मंडल पार्क शिवालिक ए ब्लॉक पर एक लड़का एक लड़की को जान से मारकर भाग गया है। लड़की के पास एक लोहे की रॉड पड़ी है, लड़की की उम्र 25 साल है और आस पास है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची टीम ने पार्क में एक बेंच के नीचे एक लड़की का शव बरामद किया, जिसके सिर से खून बह रहा था और सिर के आसपास खून पड़ा हुआ था। उसके शव के पास एक लोहे की रॉड मिली।

डीसीपी साउथ चंदन चौधरी ने बताया कि "घटना पार्क के अंदर हुई है। मृतक लड़की कॉलेज की छात्रा है। इस पार्क में अक्सर कॉलेज के लड़के-लड़कियां आते रहते हैं। वह अपने किसी दोस्त के साथ पार्क में आई थी। लड़की के सिर पर चोट के निशान हैं। एक रॉड भी उसके शव के पास से मिली है। हम मामले की जांच कर रहे हैं।

इससे पहले दिल्ली के डाबरी में गुरुवार रात को एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के आरोपी का नाम आशीष था, जिसने बाद में खुद भी गोली मारकर सुसाइड कर लिया। मृतक महिला का नाम रेणू गोयल था। पुलिस ने रेणू के मोबाइल को भी जब्त कर लिया है। पुलिस उसकी सीडीआर खंगाल रही है। पुलिस अफसरों के मुताबिक, आशीष और रेणू दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे।

दिल्ली में 29 मई को शाहबाद डेयरी इलाके में एक नाबालिग की सरेआम हत्या कर दी गई थी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी आया। जिसमें दिखा कि आरोपी साहिल लड़की पर चाकू से हमला करता है। इसके बाद पत्थर उठाकर लड़की को मारता है। इस दौरान गली से कई लोग गुजरते हैं, लेकिन कोई भी लड़की को बचाने की कोशिश नहीं करता है। कुछ देर बाद साहिल मौके से फरार हो जाता है। इसके बाद घायल लड़की को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। नाबालिग लड़की जेजे कॉलोनी की रहने वाली थी। पुलिस ने बताया कि साहिल और मृतक लड़की रिलेशनशिप में थे। लेकिन दोनों के बीच किसी बात पर झगड़ा हो गया था। 28 मई को जब लड़की अपनी एक सहेली के यहां जा रही थी, तभी साहिल ने उसे गली में रोका और उस पर हमला कर दिया।

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालिवाल ने 24 घंटे के भीतर महिलाओं की हत्या होने पर महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाया है। उन्होंने ट्वीट किया- दिल्ली में जहां एक महिला को उसके घर के बाहर गोली मारके उसकी हत्या की गई, वहीं दूसरी तरह मालवीय नगर जैसे पॉश इलाके में लड़की को रॉड से मारा गया। दिल्ली बेहद असुरक्षित है। किसी को फर्क नहीं पड़ता। सिर्फ अखबार की खबरों में लड़कियों के नाम बदल जाते हैं, अपराध नहीं रुकते।

Latest News

World News