Trending News

रिलायंस के चेयरमैन मुकेश अंबानी को मिली धमकी, 20 करोड़ मांगे

[Edited By: Rajendra]

Saturday, 28th October , 2023 12:39 pm

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी को जान से मारने की धमकी मिली है। मुकेश को 27 अक्टूबर को एक ईमेल पर जान से मारने की धमकी मिली, जिसमें 20 करोड़ रुपये न देने पर गोली मारने की धमकी दी गई। अज्ञात शख्स ने उन्हें एक ईमेल भेजकर 20 करोड़ रुपए की मांग की हैं। कहा कि देश के बेस्ट शूटर्स से उनको मरवा देगा। सूत्रों के मुताबिक, अंबानी को ये धमकी गुरुवार (27 अक्टूबर) शाम को मिली।

ईमेल में लिखा था, 'IF you don’t give us 20 crore rupees, we will kill you, we have the best shooters in india'. इस ईमेल के मिलने के बाद मुकेश अंबानी के सिक्योरिटी इंचार्ज की शिकायत के आधार पर मुंबई के गामदेवी थाने में आईपीसी की धारा 387 और 506 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्दी ही आरोपी का पता लगा लिया जाएगा।

इससे पहले भी अंबानी और उनके परिवार को कई बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। इसके चलते पिछले साल 29 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उनकी सिक्योरिटी Z कैटेगरी से बढ़ाकर Z+ कर दी थी। सिक्योरिटी पर आने वाले खर्च का भुगतान मुकेश अंबानी करते हैं। यह खर्च 40 से 45 लाख रुपए महीना होता है।

10 जनवरी 2023 को मुंबई के धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। मुंबई पुलिस ने बताया था कि स्कूल के लैंडलाइन पर शाम साढ़े चार बजे एक कॉल आई। फोन करने वाले ने स्कूल में टाइम बम लगाने का दावा किया था। इसके बाद फोन डिस्कनेक्ट हो गया था।

5 अक्टूबर 2022 को रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। हॉस्पिटल के लैंडलाइन नंबर पर अनजान शख्स का दो बार कॉल आया, जिसमें कॉलर ने अंबानी परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पहली बार कॉल दोपहर करीब 1 बजे आया और दूसरा कॉल शाम 5 बजे आया। इसके बाद से अस्पताल और एंटीलिया ( मुकेश अंबानी का घर ) की सुरक्षा बढ़ा दी गई।

15 अगस्त 2022 को भी मुकेश अंबानी के परिवार को जान से मारने की धमकी मिली थी। मुंबई पुलिस के अनुसार, रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल के डिस्प्ले नंबर पर धमकी भरे फोन कॉल किए गए। कॉलर ने धमकी देते हुए कहा कि उनके पूरे परिवार को तीन घंटे में खत्म कर दिया जाएगा। इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को अरेस्ट किया था।
फरवरी 2021 में एंटीलिया के पास विस्फोटक भरी कार मिली थी, जिसमें 20 जिलेटिन की छड़ें और एक चिट्‌ठी मिली थी। चिट्ठी में मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अंबानी को धमकी दी गई थी। इस केस में मुंबई पुलिस के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट सचिन वझे का नाम आया था। अभी NIA इस केस की जांच कर रही है।

Latest News

World News