उत्तर-प्रदेश में दिन प्रति दिन गर्मी अपने चरम पर पहुंचती जा रही है, अगर बीते 10 दिनों की बात करें तो 6.6 डिग्री सेल्सियस की औसत वृद्धि हुई है। इसके साथ ही अगले 10 दिनों में प्रदेश में गर्मी लगातार बढ़ेगी और पारा 42 डिग्री के पार पहुंच जाएगा। रविवार को लखनऊ और कानपुर में तेज गर्मी देखने को मिली। लखनऊ में दिन का तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। उधर, कानपुर में पारा 36.8 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया गया।
आपको बता दे कि बीते साल के मुकाबले इस साल गर्मी ने जल्द दस्तक दी, इसके साथ ही पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों में भी दक्षिण पश्चिमी शुष्क हवाएं अपना असर दिखा रही हैं। यही वजह है कि तापमान लगातार बढ़ रहा है। मौसम विज्ञानिकों की माने तो इस समय हवा की रफ्तार बेहद कम है। फ़िलहाल हवा 2 से 3 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है। अभी नमी लगभग 84 % बनी हुई है, जैसे-जैसे हवा में नमी कम होगी, लू चलने के आसार और प्रबल होते जाएंगे। इस अंदाजे से लू मार्च के अंत चलना शुरू हो जाएगी।
आगरा और मेरठ डिविजन में पांच डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। वहीं, वाराणसी, प्रयागराज, झांसी, लखनऊ, मुरादाबाद डिविजन में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तापमान बढ़ा है। कानपुर में रात का तापमान भी 1.6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा है। गोरखपुर, बरेली, झांसी डिविजन में 1.6 से 3 डिग्री तक तापमान में बढ़ोत्तरी हुई है। सोमवार से दिन और रात बराबर हो जाएंगे। बीते साल ऐसा 20 मार्च को हुआ था। मंगलवार से दिन लंबे होंगे और रातें छोटी होना शुरू होंगी। इसकी वजह से शाम को सूर्य भी देरी से अस्त होगा।
बीते 5 दिनों में यूपी का औसत तापमान
तारीख | अधिकतम | न्यूनतम |
20 मार्च | 36.8 | 18.5 |
19 मार्च | 35 | 20.2 |
18 मार्च | 35.5 | 19.8 |
17 मार्च | 35.2 | 19.4 |
16 मार्च | 34 | 19 |