[Edited By: Punit tiwari]
Wednesday, 21st April , 2021 05:26 pmलखनऊ-कोरोना वायरस के सेकेंड स्ट्रेन का कहर देश के साथ उत्तर प्रदेश में बेहद खतरनाक होता जा रहा है। उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 28821 नए संक्रमित केस भी मिले हैं। वहीं 187 लोगों ने दम तोड़ा है।
इस बारे में प्रदेश के अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया प्रदेश में अब तक 2,42,265 सक्रिय केस हैं। कुल मिलाकर अब तक 6,89,900 लोग डिस्चार्ज हुए हैं। कोरोना वायरस संक्रमण से अब तक कुल 10,346 लोगों की मृत्यु हुई है। बीते 24 घंटे में 187 लोगों ने दम तोड़ा है। मंगलवार को 163 लोगों की मौत हुई थी। बीते 24 घंटे में 28821 नए संक्रमित केस भी मिले हैं।
वहीं प्रदेश में बीते 24 घंटे में दो लाख 25,269 सैंपल्स की जांच की गई। इस तरह अब तक प्रदेश में 3,88,92,416 सैंपल्स की जांच की गई है। कोरोना वायरस संक्रमण के साथ ही प्रदेश में कोरोना वायरस का वैक्सीनेशन भी जारी है। अब तक 93 लाख 76,419 लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज दी जा चुकी है। इसके साथ ही अब तक 17 लाख 69,611 लोगों वैक्सीन की दूसरी डोज को लगाई जा चुकी है।
वहीं अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल ने बताया कि हमको मुख्यमंत्री की तरफ से महाराष्ट्र और दिल्ली से लौट रहे प्रवासी मजदूरों को घर तक पहुंचाने की व्यवस्था करने के साथ उनके लिए 76,000 से ज्यादा क्वारंटीन सेंटर खोलने के निर्देश हैं। इन सेंटर्स पर प्रवासी मजदूरों में से कोविड लक्षण वाले लोगों को रखा जाएगा।