Trending News

पूरे उत्तर प्रदेश में रहेगी अभी बर्फीली हवाओं का कहर बरकरार,बारिश की भी संभावना- मौसम विभाग

[Edited By: Vijay]

Thursday, 20th January , 2022 05:29 pm

दिन में मौसम शुष्क रहा, लेकिन रात में बादलों की आवाजाही बनी रही। वातावरण में 87 प्रतिशत आद्र्रता के बीच लगभग 6.0 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं बर्फीली हवाओं ने दिनभर ठिठुराया। गुरुवार को भी शीतलहर और बर्फीली हवाओं से राहत नहीं मिलेगी। मौसम विभाग ने दो दिनों तक प्रदेश के पूर्वी क्षेत्रों में घने कोहरे और प्रदेशभर में ठंड की चेतावनी दी है। साथ ही 22 और 23 जनवरी को प्रदेशभर में हल्की से मध्यम बारिश होने का अंदेशा भी जताया है।

बुधवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान सामान्य से 7.0 डिग्री सेल्सियस की कमी के साथ 14.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.0 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में भीषण ठंड रही और अधिकतम तापमान में सामान्य से 5.0 डिग्री सेल्सियस से भी ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश में न्यूनतम तापमान कानपुर में 3.0 डिग्री सेल्सियस, आगरा में 4.7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान फतेहगढ़ में 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आंचलिक मौसम विज्ञान के निदेशक जेपी गुप्ता के अनुसार गुरुवार सुबह हल्का से मध्यम कोहरा रहेगा। राजधानी का अधिकतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। आगामी दो दिनों तक मौसम में शुष्कता बनी रहेगी और अधिकतम और न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़त देखी जा सकती है, लेकिन देश के उत्तरी पश्चिमी हिस्से में आने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण 22 और 23 जनवरी को बूंदाबांदी और हल्की बारिश की संभावना है।

Latest News

World News