Trending News

कोरोना की दूसरी लहर बेकाबू, 24 घंटे में मिले 2.34 लाख से ज्‍यादा कोरोना केस

[Edited By: Punit tiwari]

Saturday, 17th April , 2021 11:21 am

 

नई दिल्ली- देश में कोरोना की दूसरी लहर बेकाबू हो चुकी है। तीसरे दिन लगातार दो लाख से ज्यादा नए कोरोना केस आए हैं। यही नहीं महामारी शुरू होने से लेकर अबतक पहली बार एक दिन में सबसे ज्यादा संक्रमितों की मौत हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 2 लाख 34 हजार 692 नए कोरोना केस आए और 1341 संक्रमितों की जान चली गई है। हालांकि 1 लाख 23 हजार 354 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं। इससे पहले गुरुवार को 2लाख17 हजार 353 नए केस आए थे। वहीं 15 सितंबर को सबसे ज्यादा 1290 मौत हुई थी।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में अब तक 1 करोड़ 26 लाख 71 हजार 220 लोग रिकवर हो चुके हैं, जबकि इस समय 16 लाख 79 हजार 740 एक्टिव केस हैं। पिछले 24 घंटे में हुई मौतों के बाद देश में मृतकों की संख्या बढ़कर अब 1 लाख 75 हजार 649 हो गई है।

उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को 27 हजार 426 नए मरीज मिले हैं। जबकि 103 लोगों की मौत हो गई है। लखनऊ में 6598 नए केस आए हैं। इसके साथ ही कुल सक्रिय केस डेढ़ लाख के पार यानी 1 लाख 50 हजार 676 हो चुके हैं। प्रदेश में बीते एक दिन में कुल 2 लाख 23 हजार 307 सैंपल की जांच की गई। प्रदेश में अब तक कुल 3 करोड़ 78 लाख 14 हजार 182 नमूनों की जांच की जा चुकी है। पूरे यूपी में रविवार को लॉकडाउन लगाने का एलान किया गया है।

Latest News

World News