Trending News

लखनऊ के लग्जरी होटल लेवाना में लगी आग, 2 की मौत

[Edited By: Rajendra]

Monday, 5th September , 2022 12:00 pm

यूपी की राजधानी लखनऊ के लग्‍जरी होटल लेवाना सूईट में आग लग गई। आग में कई लोगों के झुलसने और 1 पुरुष और 1 महिला की मौत की सूचना है। आग से झुलसे 7 लोगों को अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। यह होटल हजरतगंज इलाके में हैं। कई लोग अभी भी होटल में फंसे हैं। मौके पर पहुंचा फायर ब्र‍िगेड लोगों को होटल से बाहर निकालने और आग पर काबू पाने के काम में जुटा हुआ है। होटल के कमरों की खिड़कियों के शीशों को तोड़कर लोगों को निकाला जा रहा है। आशंका है कि शार्ट सर्किट की वजह से यह आग लगी है। बताया जा रहा है कि जिस फ्लोर पर आग लगी उस पर 30 कमरे हैं। उनमें से 18 रूम बुक थे। हादसे के वक्‍त वहां 40 से 45 लोग रहे होंगे।

इस अग्निकांड में 2 लोगों की मौत हो गई है। होटल में 15 लोगों के फंसे होने की सूचना है। इन्हें खिड़की तोड़कर निकालने की कोशिशें जारी हैं। अब तक 18 लोगों को निकाला गया है। होटल से रेस्क्यू करके निकाले गए एक महिला और एक पुरुष बेहोश थे। उन्हें सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया है। उनकी पहचान होटल स्टाफ की मदद से की जा रही है। सिविल अस्पताल प्रशासन के अनुसार उनके पास 7 मरीज एडमिट हैं।

होटल में रेस्‍क्‍यू ऑपरेशन चल रहा है। पता चल रहा है कि कमरा नंबर 214 में एक परिवार फंसा हुआ है। एक कमरे में दो लोग बेहोश हो गए। चौथे फ़्लोर पर सिर्फ़ बॉर है। कटर से शीशे काटे जा रहे है। होटल से निकाले जा रहे सभी लोगों को एम्‍बुलेंस से अस्‍पताल भेजा जा रहा है। बताया जा रहा है कि सुबह 6 बजे के करीब होटल में धुंआ निकलता दिखा। अलार्म बजने पर लोगों को इसकी जानकारी हुई।

आग होटल की तीसरी मंजिल पर लगी और देखते ही देखते पूरे होटल में फैल गई। फायर ब्र‍िगेड के जवान खिड़कियों से होटल में घुसकर लोगों को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं। आग पर काबू पाने के लिए भी लगातार फायर ब्र‍िगेड के जवान जूझ रहे हैं। धुआं भर जाने की वजह से कई लोग बेहोश हो गए। दमकल की 24 गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं। एंबुलेंस से 8 लोगों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। होटल के आस पास मौजूद लोगों ने बताया कि कई लोग खुद ही खिड़कियां तोड़कर बाहर निकले। कई लोग हाथ में सामान लेकर बाहर आते दिखाई दिए।

सीएम योगी आदित्यनाथ सिविल अस्पताल में घायलों से मिलने पहुंचे हैं। उन्होंने लखनऊ कमिश्नर और पुलिस कमिश्नर को ज्वाइंट जांच कराने के लिए कहा है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी सिविल अस्पताल पहुंचे हैं। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का बेहतर उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने डीएम और पुलिस के अफसरों को बचाव कार्य के लिए मौके पर जाने के लिए कहा। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी लखनऊ में हुए अग्निकांड पर ट्वीट करके कहा कि हमारा कार्यालय लखनऊ प्रशासन के संपर्क में है।

बताया जा रहा है कि होटल लेवाना सूईट पूरी तरह से पैक है। होटल के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए खिड़कियों के शीशे तोड़ना ही एकमात्र विकल्‍प है। ऐसे में खिड़कियों के शीशे काटने के लिए मशीन मंगाई गई है।

होटल में धुएं के गुब्‍बार के बीच फायर ब्रिगेड अपना रेस्‍क्‍यू ऑपरेशन चला रहा है। धुएं की वजह से फायर ब्रिगेड के लोगों को भी काफी दिक्‍कत हो रही है। होटल से बाहर निकलते धुएं के गुब्‍बार से लग रहा है कि अंदर आग विकराल रूप ले चुकी है। अंदर फंसे लोगों और फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों के ऑक्‍सीजन सिलेंडर और मास्‍क भी मंगाए गए हैं।

होटल लेवाना सूईट में आग लगने की सूचना पर लखनऊ के डीएम समेत प्रशासन और पुलिस के सभी बड़े अफसर मौके पर पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि होटल में हर फ्लोर पर करीब 30 कमरे हैं। कई लोगों को होटल से रेस्‍क्‍यू कर लिया गया है लेकिन अभी भी अंदर कुछ लोगों के फंसे होने की बात कही जा रही है।

Latest News

World News