Trending News

जम्मू-कश्मीर मसले पर भारत से तनातनी के बीच सामने आया पाकिस्तानी पीएम इमरान खान का ये बड़ा बयान

[Edited By: Admin]

Tuesday, 3rd September , 2019 01:49 pm

जम्मू-कश्मीर मसले पर दुनियाभर में अलग-थलग पड़ चुके पाकिस्तान ने हाल ही में भारत को परमाणु हमले की गीदड़ भभकी दी थी। पाकिस्तानी पीएम इमरान खान ने कहा था कि तमाम बड़े देशों को आर्थिक हित छोड़ कर ये याद रखना होगा कि दोनों देशों के पास परमाणु हथियार हैं। उन्होंने ये भी कहा था कि वो कश्मीर के लिए कुछ भी करेंगे। हालांकि धमकी देने के लिए कुछ दिन बाद ही पाकिस्तान के पीएम के सुर बदल गए हैं।

भारत-पाकिस्तान तनाव चरम पर है और आए दिन पाकिस्तान की तरफ से धमकी दी जाती रही है। जहां बौखलाहट के मारे पाकिस्तान के पीएम से लेकर तमाम मंत्री तक बेतुके बयान दिए गए, लेकिन अब खुद इमरान अपने बयान से पीछे हट गए है। इमरान खान के कहा कि पाकिस्तान पहले भारत के खिलाफ परमाणु हथियारों का इस्तेमाल नहीं करेगा।

इमरान खान ने पूर्वी शहर लाहौर में सिख धार्मिक समुदाय के सदस्यों को संबोधित करते कहा, 'हम दोनों परमाणु हथियार संपन्न देश हैं। अगर ये तनाव बढ़ता है, तो दुनिया खतरे में पड़ सकती है।' साथ में उन्होंने यह भी कहा कि हमारी तरफ से पहले कोई कदम नहीं उठाया जाएगा।

जहां इमरान खान अब पूरी दुनिया की सुरक्षा की दुहाई दे रहे है। वहीं पहले वो परिणाम भुगतने की भी धमकी दे चुके है। बता दें कि उन्होंने भारत को धमकी देते हुए कहा था, 'क्या ये बड़े देश सिर्फ अपने आर्थिक हित ही देखते रहेंगे। उन्हें याद रखना चाहिए, दोनों देशों के पास परमाणु हथियार हैं। परमाणु युद्ध में कोई विजेता नहीं होगा। ये न सिर्फ इस क्षेत्र में कहर बरपाएगा बल्कि पूरी दुनिया को इसके परिणाम भुगतने होंगे। अब यह अंतरराष्ट्रीय समुदाय पर निर्भर है।'

युद्ध किसी भी समस्या का हल नहीं
अपने संबोधन के दौरान इमरान खान ने कहा, 'युद्ध किसी भी समस्या का हल नहीं है'। उन्होंने कहा, 'मैं भारत को बताना चाहता हूं कि युद्ध किसी भी समस्या का हल नहीं है। युद्ध में जीतने वाला भी हारा हुआ होता है। युद्ध कई अन्य मुद्दों को भी जनम देते है।'

भारत द्वारा जम्मू और कश्मीर के विशेष दर्जे को रद्द करने के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच हाल ही में तनाव बढ़ गया। कश्मीर पर भारत के कदम पर पाकिस्तान ने नई दिल्ली के साथ राजनयिक संबंधों को कम कर दिया और भारतीय उच्चायुक्त को निष्कासित कर दिया।

भारत कर सकता है पाकिस्तान पर हमला: पाक प्रधानमंत्री इमरान खान ने रविवार को कहा कि भारत और पाक के बीच संघर्ष दो परमाणु सशस्त्र देशों तक सीमित नहीं रहेगा। इसका खामियाजा पूरे क्षेत्र को भुगतना पड़ सकता है।

रेडियो पाकिस्तान के मुताबिक वीडियो लिंक से ह्यूस्टन में इस्लामिक सोसायटी ऑफ नार्थ अमेरिका को संबोधित करते हुए खान ने कहा कि उन्होंने यह बात विश्व नेताओं के साथ बातचीत के दौरान उठाई है। वीडियो में खान ने यह भी कहा कि भारत जम्मू-कश्मीर में हो रहे मानवाधिकार के मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए पाकिस्तान पर हमला भी कर सकता है।

भारत-पाक के बीच युद्ध जल्द : पाकिस्तान के रेल मंत्री शेख राशिद अहमद ने अभी कुछ दिन पहले भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध का समय भी एलान कर दिया था। शेख राशिद ने कहा था, 'दोनों देशों के बीच अक्टूबर या फिर नवंबर में युद्ध होगा'।

Latest News

World News