Trending News

आईएमडी के मुताबिक दिल्ली में भी हल्की बारिश की उम्मीद

[Edited By: Rajendra]

Thursday, 19th January , 2023 02:03 pm

दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, राजस्थान और हरियाणा सहित उत्तर पश्चिम भारत में शीत लहर की स्थिति जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने इस सभी क्षेत्रों के अधिकांश हिस्सों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट मौसम परिवर्तन से पैदा होने वाली किसी भी आपातकालीन स्थिति के लिए तैयार रहने का संकेत है। जबकि येलो अलर्ट दर्शाता है कि मौसम बदल सकता है। लोग सतर्क रहें। आईएमडी ने अगले सप्ताह बारिश और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ ओलावृष्टि की भी भविष्यवाणी की है।

मौसम विभाग ने बताया है कि जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, में 20-21 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश होगी। इसके अलावा, 22-26 जनवरी के बीच इन इलाकों में ज्यादा बारिश व बर्फबारी हो सकती है। वहीं, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 23-25 जनवरी और दिल्ली में 23 व 24 जनवरी, 2023 में हल्की से मध्यम गति की बारिश होने की संभावना है।

उत्तर पश्चिम भारत के हिस्सों में 19 और 20 जनवरी को न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। इसेक बाद अगले तीन दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। वहीं, मध्य प्रदेश में 19 जनवरी की सुबह तक कोई बदलाव होने की संभावना नहीं है। उसके बाद तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक मिनिमम टेम्प्रेचर बढ़ सकता है। गुजरात में 20 जनवरी तक न्यूनतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की उम्मीद है। महाराष्ट्र की बात करें तो 22 जनवरी तक न्यूनतम तापमान दो से चार डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है। बाकी जगह अगले चार से पांच दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव आने की उम्मीद नहीं है। "

आईएमडी के मुताबिक दिल्ली में भी हल्की बारिश की उम्मीद है। मौसम कार्यालय ने आंशिक रूप से बादल छाए रहने, सुबह के समय मध्यम से घने कोहरे के साथ हल्की बारिश और रात में बूंदाबांदी की आशंका का अनुमान लगाया है। मौसम विभाग के मुताबिक एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के 21 जनवरी से 25 जनवरी तक उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है। इसके प्रभाव में 21 जनवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश या बर्फबारी शुरू होने और 25 जनवरी तक जारी रहने की संभावना जताई है। मौसम कार्यालय ने कहा कि 23 और 24 जनवरी को जम्मू, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के अलग-अलग स्थानों में हल्की से मध्यम ओलावृष्टि होने की संभावना है। आईएमडी ने पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है, क्योंकि इन क्षेत्रों में भीषण शीतलहर की आशंका जताई गई है। वहीं पंजाब में गुरदासपुर, फिरोजपुर, मुक्तसर, जालंधर, होशियारपुर और बठिंडा ऑरेंज अलर्ट पर हैं। फाजिल्का, बरनाला, संगरूर, लुधियाना और फतेहगढ़ साहिब जैसे जिले येलो अलर्ट पर हैं।

इसके अलावा हरियाणा में सोनीपत, झज्जर, रेवाड़ी, सोनीपत और हिसार ऑरेंज अलर्ट पर हैं। जबकि अंबाला, कुरुक्षेत्र, भिवानी और पलवल येलो अलर्ट पर हैं। उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्से येलो अलर्ट पर हैं। इस बीच राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को कोहरा छाया रहा। इससे कम दृश्यता के कारण कई उड़ानें और ट्रेनें देरी से चलीं। जानकारी के मुताबिक दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे (आईजीआई) से जाने वाली कई उड़ानें कोहरे के कारण देरी से उड़ीं। जबकि उत्तर रेलवे ने बताया कि कोहरे के कारण छह ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज न्यूनतम तापमान 7 डिग्री और अधिकतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। सुबह के वक्त लखनऊ में कोहरा देखने को मिल सकता है। वहीं, दिन के वक्त आसमान साफ रहने के आसार हैं। गाजियाबाद में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। गाजियाबाद में आज कोहरे का कोई पूर्वानुमान नहीं है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने एक हफ्ते तक शिमला और हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी किया। अधिकांश राज्यों में तापमान शून्य से नीचे चल रहा है और स्थानीय तापमान में तीन से चार डिग्री की कमी आई है। आईएमडी ने कहा कि पर्वतीय राज्य में अगले दो दिनों में मौसम में खास बदलाव नहीं होगा।

Latest News

World News