नागपुर मे 17 मार्च सोमवार को हुई हिंसा का मास्टरमाइंड फहीम शमीम खान को गिरफ्तार किया जा चुका है। फहीम खान पर आरोप है कि उसने लोगों को हिंसा के लिए भड़काया था। पुलिस ने फहीम खान समेत 51 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उसे 21 मार्च तक पुलिस कस्टडी में भेजा गया है। लेकिन ऐसे सवाल उठ रहे है कि आखिर फहीम खान है कौन, चलिए इस लेख मे हम आपको बताते है।
बताया जा रहा है कि फहीम शमीम खान ने सबसे पहले 17 मार्च की सुबह 11 बजे लोगों की भीड़ जुटाई और पुलिस को ज्ञापन सौंपने पहुंचा। इस दौरान उसने विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप लगाए, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। लेकिन इसके बाद भी फहीम खान ने भीड़ इकट्ठी की और इलाके में तनाव फैलाना शुरू किया।
जानकारी के मुताबिक, 38 वर्षीय फहीम खान नागपुर के संजय बाग कॉलोनी यशोधरा नगर का रहने वाला है वह केवल 10वीं तक पढ़ा है। फहीम खान माइनॉरिटी डेमोक्रेटिक पार्टी का शहर अध्यक्ष है, उस पर आरोप है कि उसने लोगों को हिंसा के लिए भड़काया और कहा कि पुलिस हिंदू संगठनों की तरफदारी कर रही है और हमारी मदद नहीं कर रही। फहीम खान ने पिछले साल 2024 में हुए लोकसभा चुनाव में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के खिलाफ चुनाव लड़ा था। चुनाव 2024 में नितिन गडकरी से 6 लाख से अधिक वोटों के बड़े अंतर से हार गया था।
हिंसा के बाद हालात तनावपूर्ण लेकिन शांत बने हुए हैं। साथ ही शहर के संवेदनशील इलाकों में कर्फ्यू अभी भी जारी है। संवेदनशील इलाकों में अधिक से अधिक सशस्त्र पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। वर्तमान में कर्फ्यू सक्करदरा, यशोधरा नगर तहसील, लकड़गंज, पांचपावली, नंदनवन, इमामबाड़ा, शांत नगर, कोतवाली, गणेशपेठ और कपिल नगर पुलिस थानों के तहत आने वाले इलाकों में लागू है।