Trending News

पश्चिमी विक्षोभ हुआ सक्रिय, दिल्ली- एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज

[Edited By: Rajendra]

Monday, 1st May , 2023 01:37 pm

मई महीने में जहां हमेशा गर्मी पड़ती और और लू चलती है ऐसे में साल मई में मौसम सुहाना हो गया है और ठंड का अहसास हो रहा है। हालांकि पिछले एक हफ्ते से बारिश की वजह से मौसम शुष्क ही बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक आज 1 मई को राष्ट्रीय राजधानी समेत देश के कई राज्यों में बारिश हो सकती है। 1 मई से लेकर 4 मई तक बारिश के चलते मौसम कई राज्यों में मौसम सुहावना बना रहेगा।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पाकिस्तान के मध्य भागों पर बना हुआ है। दक्षिण पूर्व अरब सागर के ऊपर एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक ट्रफ मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों से विदर्भ, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश होते हुए दक्षिण आंतरिक कर्नाटक तक फैली हुई है। मौसम विभाग की ओर से सोमवार को बिहार के कुछ हिस्सों में आंधी और हल्की बारिश का ‘येलो अलर्ट’ भी जारी किया गया है। झारखंड में भी बारिश का अलर्ट है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि एक मई को राजधानी में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। साथ ही 25-35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलने का आसार है। हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान में ओला गिरने की संभावना है।

हरियाणा में आज से 4 दिनों तक लगातार बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का दौर चलेगा। मौसम के हालात कई दिन तक खराब रहेंगे। 2 मई के लिए तो मौसम विभाग ने ओरेंज अलर्ट जारी किया है, यानी की मंगलवार को प्रदेश के लोगों को तगड़ी बारिश और ओलावृष्टि का सामना करना पड़ सकता है। मई महीने का आगाज ही बारिश और ठंड के साथ हो रहा है। रात को 10 के करीब जिलों में बारिश दर्ज की गई। आसमान अभी बादलों से ढका है और दिन में भी बारिश के आसार हैं। हरियाणा आज से एक नए वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) का सामना करेगा। इसका दायरा पहले जहां 1 व 2 मई को था, वहीं अब यह 4 मई तक तगड़ा असर दिखाने वाला है। पूरे प्रदेश में अलग अलग क्षेत्रों में रुक रुक कर हल्की से लेकर तेज बारिश हो रही है। ओले गिरने का खतरा भी अब सिर पर मंडरा रहा है। रात को अंबाला, यमुनानगर, कैथल, जींद करनाल, पानीपत, कुरुक्षेत्र समेत कई ओर जिलों में बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के मुताबिक, 3 मई तक तमिलनाडु और कर्नाटक के कई हिस्सों में तेज बारिश हो सकती है। इसके अलावा केरल में भी अगले 4 दिनों तक तेज बारिश होने की संभावना है। राजस्थान के जयपुर भरतपुर, अजमेर, बीकानेर और जोधपुर के कुछ इलाको में बारिश के साथ (40-50 Kmph) हवाएं चलने का आसार है। वहीं जयपुर में कहीं-कहीं ओला गिरने की संभावना है। उत्तर प्रदेश के भी कई इलाकों में तेज बारिश के साथ ओला गिरने के आसार है।

शिमला में भी आने वाले कुछ दिनों तक बर्फबारी का दौर जारी रहेगा। उत्तराखंड के ज्यादातर इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है। 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग भोपाल केन्द्र के मुताबिक जबलपुर, मंडला, डिंडोरी, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर में आज बारिश की संभावना है। इसके ​अलावा विभाग ने कई इलाकों में बारिश के चलते 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। मौसम विभाग ने बिहार, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु,ओडिशा में भी बारिश की संभावना जताई है।

Latest News

World News