Trending News

दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू का सीएम केजरीवाल ने किया ऐलान, जरूरी सेवाओं को मिलेगी छूट

[Edited By: Punit tiwari]

Thursday, 15th April , 2021 01:31 pm

नई दिल्ली- कोरोना से निपटने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बड़ा एलान किया है। दिल्ली में भी अब वीकेंड कर्फ्यू लगाया जा रहा है। इस दौरान मॉल, जिम, स्पा सब बंद रहेगा। लेकिन आवश्यक कामों के लिए लोगों को कर्फ्यू पास दिया जाएगा। ये वीकेंड कर्फ्यू शुक्रवार रात 10 बजे शुरू होगा और सोमवार सुबह 6 बजे तक जारी रहेगा। इस दौरान जरूरी सेवाओं की छूट रहेगी। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये एलान किया।

सीएम केजरीवाल ने कहा कि हम जरूरी सेवाओं से जुड़े लोगों और शादियों के लिए लोगों को कर्फ्यू पास देंगे। मॉल, जिम, स्पा, ऑडिटोरियम को बंद करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। सिनेमा हॉल 30 फीसदी क्षमता पर चल सकते हैं। एक साप्ताहिक बाजार को एक दिन में और एक जोन के हिसाब से अनुमति दी जाएगी। साप्ताहिक बाजार में ज्यादा भीड़ ना हो इसके लिए खास इंतजाम किए जा रहे हैं। रेस्टोरेंट में अब बैठकर खाने की इजाजत नहीं होगी, केवल होम डिलीवरी की अनुमति होगी।'


सीएम केजरीवाल ने कहा है कि दिल्ली के अस्पतालों में बैड की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि इस वक्त इतनी बड़ी महामारी में हमारी कोशिश है कि हर जरूरतमंद व्यक्ति को बैड मिलना चाहिए। इसलिए किसी एक ही अस्पताल में भर्ती होने की जिद न करें। किसी दूसरे अस्पताल में भी जा सकते हैं। अभी दिल्ली के अस्पतालों में 5000 बैड खाली हैं। अभी भी ऑक्सीजन बैड्स की संख्या बढ़ायी जा रही है।'

बता दें दिल्ली में बुधवार को कोविड के 17,282 नए मामले आए, जो अब तक के सबसे ज्यादा हैं। कोविड से फिर 104 लोगों की मौत हो गई। जबकि सक्रिय मामलों की संख्या 50,736 तक जा पहुंची। इससे पहले राजधानी में मंगलवार को 13,468 मामले दर्ज किए गए थे और 81 मौतें हुई थीं।

Latest News

World News