उत्तराखंड के चमोली में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हुआ। उंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बर्फबारी के बीच चमोली जिले में बदरीनाथ के पास माणा गांव में हिमखंड टूटने से करीब 55 मजदूर बर्फ के नीचे दब गए। सीएम धामी ने जानकारी देते हुए कहा कि 48 लोगो को बचा लिया गया है।

चमोली हिमस्खलन घटना पर उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा,”लगातार बचाव अभियान चलाया जा रहा है। 48 लोगों को बचा लिया गया है और बाकी 7 लोगों को बचाने के लिए हर प्रकार के प्रयास किए जा रहे हैं। यह चुनौतिपूर्ण है क्योंकि आसपास के क्षेत्रों में बिजली का संपर्क कट गया है लेकिन वहां जल्द से जल्द इसे बहाल करने के काम किए जा रहे हैं। 200 से अधिक लोग बचाव अभियान में अपना योगदान दे रहे हैं।
इसमें सेना, ITBP के जवान, NDRF, BRO, आपदा प्रबंधन के लोग शामिल हैं… सभी काम कर रहे हैं… 23 से ज़्यादा लोगों को इलाज के लिए जोशीमठ पहुंचाया गया है। कुछ लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, लेकिन ज़्यादातर लोग ठीक हैं… प्रधानमंत्री ने आज सुबह बचाव अभियान का जायज़ा लिया। उन्होंने सभी ज़रूरी मदद का भरोसा दिया है… राज्य भर में ऊंचाई वाले इलाकों में काम करने वाले सभी लोगों को अलर्ट पर रखा गया है… बहुत ज़रूरी न होने पर ऊंचाई वाले इलाकों में काम रोकने के निर्देश दिए गए हैं…”
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने घायल बीआरओ श्रमिकों से मुलाकात की, जिन्हें माणा हिमस्खलन स्थल से बचाया गया और उन्हें सेना अस्पताल में इलाज के लिए जोशीमठ लाया जा रहा है।
हिमस्खलन बचाव अभियान पर पहले चमोली डीएम संदीप तिवारी ने कहा, “55 लोगों में से 47 लोगों को सकुशल बाहर निकाला गया है और 7 लोगों को हम जोशीमठ अस्पताल में लेकर आए हैं जिनका इलाज चल रहा है। 3 लोगों की स्थिति स्थिर है..आशा करता हूं कि 8 लोग जो बचे हैं वो भी हमें सकुशल मिल जाए।
चमोली हिमस्खलन पर यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा, “उत्तराखंड सरकार दुर्घटना के दौरान जो वहां लोग फंसे हैं उन्हें निकालने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। हम उत्तराखंड सरकार से लगातार संपर्क में हैं। ईश्वर से हम प्रार्थना करते हैं सभी को सकुशल घर वापस लाए…