उत्तर भारत के बड़े इलाके में हल्की बारिश और पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी की वजह से ठंड एक बार फिर बढ़ गई है। मौसम विभाग का कहना है कि 24 से 29 जनवरी तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी बढ़ सकती है। इसके अलावा कश्मीर समेत उत्तर भारत के बड़े हिस्से में बारिश हो सकती है। हालांकि राहत की बात यह है कि अभी न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं होने वाला है। यानी मौसम का उतार-चढ़ाव जारी रहेगा लेकिन अब हाड़कांप वाली ठंड नहीं आएगी। देश के बड़े हिस्से में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री का इजाफा हो सकता है।
मौसम की एजेंसी का कहना है कि अभी न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं होने वाला है। मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिम बंगाल और झारखंड के कई इलाकों में अगले 48 घंटे में हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, बिहार और ओडिशा में भी अगले 48 घंटे में हल्की बारिश होने की संभावना है। कई इलाकों में सुबह के वक्त घना कोहरा छाया रह सकता है।
दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने राहत भरी करवट ली है। 24 घंटे में हुए मौसम में बदलाव की वजह से राजधानी के लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत मिली है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक 23 जनवरी का दिन पिछले 4 सालों में सबसे गर्म रहा। इस दिन अधिकतम तापमान 25।9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 4 वर्षों में जनवरी के महीने में दर्ज सबसे ज्यादा तापमान था।
हालांकि, मंगलवार की सुबह दिल्ली और आसपास के इलाकों में आसमान में बादलों ने डेरा डाल रखा था। इस बीच मौसम विभाग ने दिल्ली एनसीआर में बारिश की संभावना जताई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, 26 जनवरी को भी दिल्ली में बारिश की संभावना है। दिल्ली में गुरुवार तक हल्की बारिश का अनुमान है।
ऐसे में दिल्ली वालों का गणतंत्र दिवस का प्लान बारिश में धुल सकता है। विभाग के मुताबिक दिल्ली में पूरे दिन बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है। दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र, सफदरजंग वेधशाला में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 12।3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ये सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। साथ ही जनवरी के महीने में अब तक का सबसे ज्यादा है।
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में मंगलवार यानी आज भी अधिकतम तापमान 24 डिग्री के करीब रहने की आशंका है। इस दौरान दिल्ली-एनसीआर के इलाके में तेज हवा चलती रह सकती है। हालांकि, इस हवा से लोगों को शीतलहर का अहसास नहीं होगा।
मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में बादलों के छाए रहने की वजह से ठंड में कमी दर्ज की गई है। विभाग ने बताया कि बादल गर्मी को रोकने का काम करते हैं। इस वजह से रात के समय में तापमान सामान्य से ज्यादा होता है। हालांकि, बादलों की वजह से दिन के समय में तापमान में गिरावट देखी जाती है क्योंकि वो सूर्य की रोशनी को धरती तक पहुंचने में बाधा बनते हैं।
हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और बिहार में कोहरा छाया रहा। वहीं एजेंसी का अनुमान है कि ओडिशा और बंगाल के तटों पर हवाओं की गति तेज रही। ऐसे में मछुआरों को सावधान रहने की सलाह दी गई थी। 23 जनवरी को पंजाब हरियाणा और चंडीगढ़ में हल्की बारिश का अनुमान है। 24 जनवरी को जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश का अनुमान है। कई जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद में भी बर्फबारी हो सकती है। वहीं उत्तरी राजस्थान में हल्की बारिश का अनुमान लगाया गया है। बता दें कि जनवरी की शुरुआत में राजधानी दिल्ली में कड़ाके की ठंड पड़ी थी। पूरा उत्तर भारत कोहरे की आगोश में था। हालांकि अब हाड़कांप वाली ठंड से राहत मिली है।