Trending News

BJP और JDU में हुआ सीटों का बंटवारा

[Edited By: Rajendra]

Tuesday, 6th October , 2020 06:39 pm

पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आधिकारिक आवास पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की बैठक हुई। बैठक में महाराष्ट्र के पूर्व सीएम और भाजपा प्रभारी देवेंद्र फड़नवीस, सुशील मोदी, संजय जायसवाल और भूपेंद्र यादव मौजूद रहे। राजग ने बिहार में जद (यू) अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को चुनाव के लिए गठबंधन का नेता घोषित किया है।

बैठक के बाद बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार NDA के नेता हैं, उनके नेतृत्व में बिहार में 'गठबंधन' की सभी बातें हो रही हैं। बिहार में बीजेपी उनके नेतृत्व को पूरी तरह से स्वीकार करती है और NDA 'गठबंधन' में वही रहेंगे जो नीतीश जी के नेतृत्व को राज्य में स्वीकार करते हैं।

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में सीट का बंटवारा हो गया है। सीएम नीतीश कुमार ने घोषणा की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल, देवेंद्र फड़नवीस, जीतन राम मांझी और वीआईपी के मुकेश सहनी मौजूद रहे।

बिहार में 243 सीट है। जनता दल यू (जदयू) 115 सीट पर, भाजपा 112, हम सात सीट और मुकेश सहनी की पार्टी वीआईपी 9 सीटों पर लड़ेगी। बिहार में विधानसभा चुनाव तीन चरणों में 28 अक्टूबर, तीन नवंबर और सात नवंबर को होंगे तथा 10 नवंबर को मतगणना होगी। पहले चरण में 71 सीटों के लिए चुनाव होंगे और इसके लिए नामांकन प्रक्रिया एक से आठ अक्टूबर के बीच चलेगी।

भाजपा और जदयू में सीट का बंटवारा 50:50 फार्मूले के तहत हुआ है। यानी की जनता दल यूनाइटेड 122 और भारतीय जनता पार्टी 121 सीट पर चुनाव लड़ेगी। पिछले कई दिन से एनडीए की बैठक हो रही है। हम (7) को जदयू ने अपने कोटे से सीट दिया और वीआईपी (9) को भाजपा ने दिया।

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी और वीआईपी के मुकेश सहनी महागठबंधन में शामिल थे। लेकिन सीट को लेकर ये दोनों दल एनडीए में शामिल हो गए। पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा भी राजद के साथ थे, लेकिन सीट को लेकर मायावती के साथ गठबंधन कर लिए। बसपा ने कुशवाहा को बिहार में सीएम घोषित किया है।

गौरतलब है कि राज्य में 28 अक्टूबर से शुरू होने वाले चुनाव में NDA का मुकाबला तेजस्वी के नेतृत्व में चुनाव लड़ने वाले महागठबंधन से है। महागठबंधन की बात करें तो आरजेडी 144, कांग्रेस 70 और लेफ्ट पार्टियां 31 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। आरजेडी, कांग्रेस, सीपीआई(माले), सीपीआई, सीपीएम महागठबंधन का हिस्सा हैं। महागठबंधन का नेतृत्व तेजस्वी यादव करेंगे।

भाजपा ने मंगलवार को लोजपा के रुख से असहमति व्यक्त करते हुए स्पष्ट किया कि नीतीश कुमार बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेता हैं और उन्हीं के नेतृत्व में बिहार में गठबंधन आगे बढ़ रहा है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने संवाददाताओं से कहा, ''भाजपा बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व को पूरी तरह से स्वीकार करती है। राजग गठबंधन में वही रहेगा जो नीतीश कुमार के नेतृत्व को बिहार में स्वीकर करेगा। ''

जायसवाल का यह बयान ऐसे समय में आया है जब रविवार को लोक जन शक्ति पार्टी (लोजपा) ने स्पष्ट कर दिया था कि वह बिहार में आसन्न विधानसभा चुनाव जदयू के साथ नहीं लड़ेगी। लोजपा नेता चिराग पासवान ने कहा था कि उनकी पार्टी विधानसभा चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में नहीं लड़ेगी । चिराग ने साथ ही यह भी कहा था कि लोजपा की भाजपा से कोई कटुता नहीं है और बिहार चुनाव के बाद भाजपा के साथ लोजपा खड़ी रहेगी। बहरहाल, भाजपा नेता संजय जायसवाल ने कहा कि नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाने के लिये भाजपा पूरा प्रयास करेगी।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेता हैं और उन्हीं के नेतृत्व में बिहार में गठबंधन की सारी बातें हो रही हैं। जायसवाल ने दावा किया कि नीतीश कुमार 3/4 बहुमत के साथ पुन: बिहार के मुख्यमंत्री बनेंगे। यह पूछे जाने पर कि क्या उनका आशय लोजपा को राजग से बाहर करने के संबंध में है, भाजपा नेता ने कोई जवाब नहीं दिया।

Latest News

World News