Trending News

'पानीपत' में अहमद शाह अब्दाली के रूप संजय दत्त, फिल्म में अर्जुन कपूर-कृति सेनन और पद्मिनी कोल्हापुरी भी दिखेंगी

[Edited By: Admin]

Monday, 4th November , 2019 05:40 pm

'कांचा चीना' के बाद संजय दत्त का एक और खतरनाक रूप सामने आया है। डायरेक्टर आशुतोष गोवारिकर की फिल्म 'पानीपत' के इस पोस्टर में संजय दत्त अहमद शाह अब्दाली के रूप में नजर आ रहे हैं। फिल्म का ट्रेलर कल रिलीज किया जाएगा। 'पानीपत' में संजय दत्त के अलावा अर्जुन कपूर, कृति सेनन, पद्मिनी कोल्हापुरी, जीनत अमान और मोहनीश बहल नजर आएंगे। फिल्म 6 दिसंबर को रिलीज होने जा रही है।

पहले संजू बाबा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट यानी ट्विटर और इंस्टाग्राम पर पोस्टर शेयर किया। पोस्टर में संजय दत्त वॉरियर लुक में नजर आए, जिसमें वो काफी दमदार लगे।

इसके बाद कृति सेनन का पोस्टर रिलीज़ किया गया। फिल्म में कृति पार्वती बाई के किरदार में नज़र आएंगी। इसके बाद अर्जुन कपूर का पोस्टर रिलीज किया गया। फिल्म में अर्जुन सदाशिव राव के किरदार में नज़र आएंगे। तीनों पोस्टर के साथ ये जानकारी भी दी गई है कि फिल्म का ट्रेलर कल यानी मंगलवार को रिलीज किया जाएगा।

फिल्म की कहानी

इस फ़िल्म की कहानी पानीपत की तीसरी लड़ाई पर आधारित है, जो 14 जनवरी 1761 को मराठाओं और अफ़गानिस्तान के सुल्तान अहमद शाह अब्दाली के बीच पानीपत में हुई थी। अर्जुन फ़िल्म में सदाशिव राव भाऊ के किरदार में हैं, जो पेशवा बाजीराव प्रथम के भतीजे और मराठा सेना के कमांडर-इन-चीफ़ थे। वहीं, संजय दत्त अफ़गान सुल्तान अहमद शाह अब्दाली के रोल में दिखेंगे। कृति सनोन सदाशिव राव की दूसरी पत्नी पार्वती बाई के किरदार में दिखेंगी। ज़ीनत अमान का किरदार सकीना बाई का है।

संजय दत्त के पोस्टर पर उनकी बेटी त्रिशाला दत्त ने कमेंट कर उनकी तारीफ की है। पोस्टर पर कमेंट करते हुए त्रिशाला ने लिखा, लव यू...आप बहुत शानदार लग रहे हैं। आपको बता दें कि इससे पहले भी एक पोस्टर रिलीज किया जा चुका है। हालांकि उस पोस्टर में किसी का चेहरा नज़र नहीं आ रहा था केवल युद्ध होता हुआ दिखाई दे रहा था।

Latest News

World News