Trending News

मैनपुरी लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में समाजवादी पार्टी की डिंपल यादव ने बड़ी जीत दर्ज की

[Edited By: Rajendra]

Thursday, 8th December , 2022 02:49 pm

मैनपुरी लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में समाजवादी पार्टी की डिंपल यादव ने बड़ी जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा के रघुराज सिंह शाक्य पर एक लाख से अधिक वोटों की बढ़त हासिल की। दुग्ध प्रौद्योगिकी महाविद्यालय में चल रही जसवंतनगर क्षेत्र की मतगणना में सपा प्रत्याशी डिंपल यादव पहले राउंड से ही आगे चल रही हैं।

30 राउंड की मतगणना में एक बार भी भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य आगे नहीं हुए। डिंपल की जीत तय मानकर सपा समर्थकों ने जश्न मनाना भी शुरू कर दिया है। उधर, समाजवादी पार्टी प्रमुख लखनऊ से इटावा पहुंच गए हैं। इससे पहले पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव नेताजी को नमन कर मैनपुरी के लिए रवाना हुए।

वहीं, उन्होंने सबसे पहले सैफई में स्थित बजरंगबली की मूर्ति के पास पहुंच कर उनको नमन किया। लोकसभा क्षेत्र में लगातार समाजवादी की बढ़त को देखते हुए अखिलेश यादव की कोठी के पास जश्न का माहौल है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और नेताओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया है।

वहीं, नेताजी की समाधि स्थल पर लोगों का नमन करना जारी है। समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान सहित काफी संख्या में विधायक सैफई स्थित अखिलेश यादव के आवास पर पहुंचने लगे हैं। बता दें कि संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद हुए मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में वोटों की गिनती गुरुवार सुबह आठ बजे से जारी है। सपा की डिंपल यादव बीजेपी के रघुराज सिंह शाक्य से मैनपुरी संसदीय क्षेत्र में आगे रही। डिंपल सभी विधानसभा क्षेत्रों से आगे रही हैं। बता दें कि मुलायम की विरासत को बचाने के लिए उनकी बहू और सपा मुखिया अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव मैदान में थे।

वहीं, भाजपा ने मैनपुरी में भगवा फहराने के लिए रघुराज सिंह शाक्य पर दांव चला था। पांच दिसंबर को हुए मतदान में कुल 53 फीसदी वोटिंग हुई थी। मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र में पांच विधानसभा क्षेत्र हैं। मैनपुरी की चार विधानसभाओं के अलावा इटावा की जसवंतनगर विधानसभा इसमें शामिल है।

शिवपाल ने ट्वीट कर मतदाताओं को धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा कि मैनपुरी संसदीय क्षेत्र के मतदाताओं से मिले आशीर्वाद,स्नेह और अपार जनसमर्थन के लिए हृदय से आभार। जसवंतनगर की सम्मानित जनता द्वारा श्रीमती डिंपल यादव जी को दिए गए आशीवार्द के सहृदय धन्यवाद।

Latest News

World News