Trending News

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा शनिवार को दिल्ली पहुंची

[Edited By: Rajendra]

Saturday, 24th December , 2022 11:19 am

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा शनिवार को दिल्ली पहुंच गई है। कन्याकुमारी से चलकर राहुल ने पिछले 107 दिन में तीन हजार किलोमीटर की दूरी तय की है। दिल्ली में सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी भी राहुल की यात्रा में शामिल हो गई हैं। यहां राहुल ने कहा- मैंने RSS और BJP के लोगों से कहा है कि हम आपके नफरत के बाजार में प्यार की दुकान खोलने आए हैं।

कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में देशभर में चल रही भारत जोड़ो यात्रा आज सुबह दिल्ली पहुंच चुकी है। इस यात्रा के दौरान वह राष्ट्रीय राजधानी में पूरा दमखम दिखाने की तैयारी में हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ कई विरोधी दलों के नेता भी यात्रा में शामिल हो सकते हैं। वहीं, हरियाणा में यात्रा के दौरान डीएमके नेता कनिमोई भी शामिल हुईं। उन्होंने ट्विटर पर राहुल गांधी के साथ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि हरियाणा में भारत जोड़ो यात्रा में भाग लेकर बहुत खुशी हुई।

इस बीच, कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यात्रा में अन्य विपक्षी दलों के नेता भी शामिल हो सकते हैं। कांग्रेस चाहती है कि दिल्ली में प्रवेश कर रही यात्रा को यहां और बड़ा रूप दिया जाए। यात्रा में अभी तक अलग-अलग राज्यों में कई दलों के नेता और सेलिब्रिटी शामिल होकर समर्थन जाहिर कर चुके हैं। पार्टी का दावा है कि दिल्ली में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। अभिनेता कमल हासन होंगे यात्रा में शामिल\nभारत जोड़ो यात्रा के दिल्ली में प्रवेश करने के दौरान दक्षिण भारत के अभिनेता कमल हासन शामिल होंगे। इसके अलावा कुछ स्वतंत्रता सेनानियों के परिवार के सदस्य और कांग्रेस के शीर्ष नेता भी यात्रा में जाएंगे। शुक्रवार को पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी। पिछले हफ्ते मक्कल निधि मय्यम (एमकेएम) के अध्यक्ष कमल हासन ने पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा था कि उन्हें राहुल गांधी ने यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।

विभिन्न समुदाय से जड़े लोग स्वागत करेंगे\nपूर्व विधायक एवं दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जयकिशन ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के लिए विभिन्न समुदायों के साथ मिलकर तैयारी की है। उन्होंने बताया कि वाल्मीकि वीर सेना, वाल्मीकि चौधरी सरपंच कमेटी, अंबेडकर वीर सेना, भूमिहीन संघर्ष समिति, बंजारा महासभा, जाटव महासभा आदि ने मिलकर बदरपुर से आश्रम चौक लालबत्ती तक तीन बड़े-बड़े पंडाल-स्टेज बनाए हैं। यात्रा के स्वागत के लिए साधु-संत, ब्राह्मण, पुरोहित के अलावा डीयू एवं आईपी यूनिवर्सिटी के छात्र भी जुटेंगे। उन्होंने कहा कि रैली से 'आप' और भाजपा डर गई है। कोरोना का सहारा लेकर वह यात्रा को खत्म करने की कोशिश कर रही है।

राहुल की यात्रा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बड़ी भीड़ पहुंची है। इस वजह से दिल्ली पुलिस ने दो दर्जन से ज्यादा जगह ट्रैफिक डायवर्ट किया है। वहीं, बदरपुर बॉर्डर से लाल किले तक हैवी ट्रैफिक रहने की संभावना जताई है। दिल्ली कांग्रेस के मुताबिक, यात्रा शनिवार को 23 किमी का सफर तय करके शाम साढ़े चार बजे लाल किले पर समाप्त होगी। इसके बाद यात्रा में 9 दिन का ब्रेक रहेगा।

बीजेपी नफरत फैलाती हैं, हम प्यार फैलाते हैं। हम सभी भारतीयों को गले लगाते हैं। हर भारतीय को देश में प्यार फैलाने के लिए एक छोटी सी दुकान खोलनी चाहिए।
भारत जोड़ो यात्रा में कहीं नफरत नहीं है। इस यात्रा में कोई गिरता है तो सब लोग उसको उठा देते हैं। मदद करते हैं सभी, यही सच्चा हिंदुस्तान है। आप किसी से भी पूछिए कि क्या इस यात्रा में किसी से धर्म पूछा गया? अमीर और गरीब का अंतर किया गया? तो जवाब मिलेगा- नहीं। इस यात्रा में सिर्फ मोहब्बत है। दिल्ली में भारत जोड़ो यात्रा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी है। दिल्ली पुलिस ने दो दर्जन से ज्यादा पॉइंट्स पर ट्रैफिक डायवर्ट किया है। पुलिस ने लोगों से कहा है कि यात्रा रूट से हटकर जाने वाली सड़क या बाईपास का इस्तेमाल करें। साथ ही अपने वाहन की जगह पब्लिक ट्रांसपोर्ट से आएं जाएं। यात्रा के कारण बदरपुर फ्लाईओवर, प्रह्लादपुर रेड लाइट, महरौली बदरपुर रोड, अपोलो फ्लाईओवर, मथुरा रोड सीआरआरआई रेड लाइट, मथुरा रोड, मोदी मिल फ्लाई ओवर, आश्रम चौक पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है।

इसी तरह एंड्रयूजगज, कैप्टन गौर मार्ग, लाजपत नगर फ्लाईओवर के नीचे, निजामुद्दीन फ्लाईओवर, प्रगति मैदान सुरंग, आईपी फ्लाईओवर की ओर, सुब्रमण्यम भारती मार्ग/जाकिर हुसैन मार्ग क्रॉसिंग, मथुरा रोड/ शेरशाह रोड टी-प्वाइंट, Q-प्वाइट, R/A जसवंत सिंह, मंडी हाउस, विकास मार्ग (यमुना पुल/लक्ष्मी नगर शकरपुर साइड), मिंटो रोड रेड लाइट, गुरु नानक चौक, राजघाट चौक इलाकों में ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा।

भारत जोड़ो यात्रा शनिवार रात से 9 दिन के रेस्ट पर रहेगी। 3 जनवरी को गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर से उत्तर प्रदेश में यात्रा की एंट्री होगी। 4 जनवरी को बागपत, 5 जनवरी को शामली और 6 जनवरी को कैराना से होकर राहुल की यात्रा दूसरे चरण में हरियाणा के सोनीपत में एंट्री करेगी। हरियाणा के बाद यात्रा पंजाब होते हुए जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना होगी।

कन्याकुमारी से 7 सितंबर को शुरू हुई यात्रा ने अब तक 9 राज्यों का सफर तय किया है। इनमें तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा शामिल हैं। इस दौरान इन राज्यों के 46 जिलों को कवर किया गया है।

अब तक राहुल और उनके सहयोगी करीब तीन हजार किमी की यात्रा पूरी कर चुके हैं। तय कार्यक्रम के मुताबिक, कुल 150 दिन में भारत जोड़ो यात्रा को 12 राज्यों में 3 हजार 570 किमी की दूरी पैदल तय करना है। यात्रा पूरी करने के लिए राहुल को अब सिर्फ 570 किमी का सफर तय करना है। वे इस दौरान तीन राज्यों उत्तर प्रदेश, पंजाब और जम्मू-कश्मीर से गुजरेंगे।

शुक्रवार में हरियाणा में भाजपा पर हमला करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी देश के बाकी हिस्सों में जितनी चाहे उतनी जनसभाएं कर सकती है। लेकिन उसके लिए कोरोना को केवल वहीं है, जहां से भारत जोड़ो यात्रा गुजर रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने मुझे पत्र लिखकर कहा है कि कोविड वापस आ गया है, यात्रा बंद करो। शेष भारत में, भाजपा जितनी चाहे उतनी जनसभाएं कर सकती है, लेकिन जहां भारत जोड़ो यात्रा चल रही है, वहां कोरोना और कोविड है।

राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा रोकने से इनकार कर दिया है। हरियाणा के नूंह में उन्होंने कहा- केंद्र सरकार ने अब नया फॉर्मूला निकाला है। मुझे चिट्‌ठी लिखी है कि मास्क लगाओ... कोविड फैल रहा है। ये सब यात्रा रोकने के हथकंडे हैं। हिंदुस्तान की सच्चाई से ये लोग डर गए हैं। हमारी यात्रा कश्मीर तक जाएगी।

Latest News

World News