Trending News

VIP को एनडीए ने गले लगाया, बीजेपी ने अपने कोटे से दी इतनी सीटें

[Edited By: Rajendra]

Wednesday, 7th October , 2020 06:02 pm

बिहार विधानसभा चुनाव का सुरूर इन दिनो सिर चढ़कर बोल रहा है। सारी राजनीतिक पार्टियों ने अपनी-अपनी गोटियां फिट करनी शुरू कर दी हैं। महागठबंधन के बाद अब एनडीए में भी सीटों का बंटवारा पूरा हो गया है। महागठबंधन में मांग पूरी नहीं होने के बाद एनडीए का हाथ थामने वाले विकासशील इंसान पार्टी के अध्यक्ष मुकेश सहनी को बीजेपी ने अपने कोटे से 11 सीटे देने का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही भविष्य में मुकेश सहनी को विधान परिषद की सीट भी दी जाएगी। साथ ही वीआईपी बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का हिस्सा भी बन गई।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल, चुनाव प्रभारी और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी तथा वीआईपी पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी की मौजूदगी में प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी गई।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने बताया, ''भाजपा ने अपने कोटे से वीआईपी पार्टी को विधानसभा की 11 सीटें दी हैं एवं भविष्य में विधानपरिषद की भी एक सीट देंगे।''

बता दें कि एक दिन पहले ही बिहार विधानसभा चुनाव के लिये एनडीए में सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप दे दिया गया था, जिसके अंतर्गत भाजपा को 121 सीटें मिलीं वहीं जद(यू) के हिस्से में 122 सीटें आईं। जद(यू) ने अपने खाते से जीतनराम मांझी की 'हम' पार्टी को सात सीट दी हैं।

भाजपा के प्रदेश प्रभारी भूपेंद्र यादव ने ट्वीट किया, ''बिहार विधानसभा चुनाव में विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) राजग का हिस्सा है। इस चुनाव में भाजपा अपने कोटे से 11 सीटें मुकेश सहनी की वीआईपी पार्टी को दे रही है। भाजपा समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने और सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व मजबूत करने वाला दल है।''

वीआईपी के अध्यक्ष मुकेश सहनी ने यहां कहा कि वो शुरुआत से ही पीएम नरेंद्र मोदी के विकास के एजेंडे पर काम करते आए हैं। हम पहले महागठबंधन के साथ गए, लेकिन अनुभव नहीं है। महागठबंधन का कोई ठिकाना नहीं रहता था। VIP प्रमुख मुकेश सहनी ने कहा कि महागठबंधन ने हमें धोखा दिया, सीटों को लेकर उलझाए रखा। बता दें कि बीते दिनों जब महागठबंधन की ओर से अपनी सीटों का ऐलान किया जा रहा था, तब मुकेश सहनी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में हंगामा करते हुए महागठबंधन तोड़ने का ऐलान किया. उन्होंने सीटों के मुद्दे पर धोखा देने का आरोप लगाया।

गौरतलब है कि मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी कुछ दिनों पहले विपक्षी महागठबंधन से अलग हो गई थी। आरजेडी नीत महागठबंधन द्वारा घटक दलों के बीच सीटों के बंटवारे की घोषणा किये जाने के दौरान वीआईपी के सीटों की संख्या नहीं बताने से सहनी नाराज हो गए थे और प्रेस कॉन्फ्रेंस छोड़कर बाहर चले गए थे ।

बॉलीवुड के पूर्व सेट डिजाइनर सहनी ने बुधवार को संवाददाताओं से कहा कि एक पक्ष (राजद नीत महागठबंधन) ने पीठ में खंजर घोंपने का काम किया जबकि दूसरे पक्ष (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) ने मरहम लगाने का काम किया।

गौरतलब है कि बिहार में इसी महीने पहले चरण के लिए वोट डाले जाने हैं। 28 अक्टूबर को पहले चरण, 3 नवंबर को दूसरे चरण और 7 नवंबर को तीसरे चरण का मतदान होना है, जबकि 10 नवंबर को नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।

Latest News

World News