Trending News

छठ पर्व पर सीएम योगी सहित कई मंत्रियो ने दी प्रदेशवासियो को बधाई

[Edited By: Vijay]

Thursday, 11th November , 2021 12:55 pm

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छठ पर्व के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने छठ पर्व के समस्त अनुष्ठानों में कोविड प्रोटोकाल का पालन करने की अपील भी की। सीएम योगी ने कहा कि छठ पर्व लोक आस्था का एक प्रमुख पर्व है। इस पर्व में आत्मिक शुद्धि और निर्मल मन से अस्ताचल और उदीयमान भगवान सूर्य की उपासना की जाती है। हमारे देश में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की समृद्ध परंपरा व संस्कृति है।

उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने भी प्रदेशवासियों को छठ पर्व की बधाई दी है। विधान सभा उपाध्यक्ष नितिन अग्रवाल ने भी छठ पर्व की शुभकामनाएं प्रदेश वासियों को दी। वहीं विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने भी इस अवसर पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि छठ पर्व धार्मिक व सांस्कृतिक आस्था का लोक पर्व है।

छठ पर्व पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री व अपना दल एस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठ पूजा का महापर्व हमें प्रकृति की ओर ले जाता है। वहीं पिछड़ा वर्ग कल्याण व दिव्यांगजन सशक्तीकरण मंत्री अनिल राजभर, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल और महिला कल्याण व बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वाति सिंह ने भी छठ पर्व की शुभकामनाएं दी।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने अपने बधाई संदेश में कहा है कि 'आस्था एवं सूर्योपासना के महा लोकपर्व छठपूजा की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएंl छठ माई अपना वात्सल्य प्रदान करके सबको सुखी एवं समृद्ध बनाएं।' समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी आस्था के महापर्व छठ पूजा की सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

Latest News

World News