Trending News

लखनऊ में होगा ओलम्पिक पदक विजेताओं का सम्मान मिलेंगे करोड़ो

[Edited By: Vijay]

Friday, 13th August , 2021 03:06 pm

टोक्यो ओलंपिक में धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय खिलाड़ियों को योगी सरकार न सिर्फ सम्मानित करेगी, बल्कि धन वर्षा भी करेगी। इसके लिए अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में 19 अगस्त को भव्य समारोह आयोजित किया गया है। समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोल्ड जीतने वाले नीरज चोपड़ा, रजत जीतने वाले रवि कुमार दहिया, मीराबाई चानू समेत सभी पदक विजेताओं को सम्मानित कर नकद राशि भी देंगे।

मुख्यमंत्री 41 साल बाद कांस्य जीतने वाली पुरुष हॉकी टीम और चौथा स्थान हासिल करने वाली महिला टीम को भी सम्मानित करेंगे। प्रमुख सचिव खेल कल्पना अवस्थी ने बताया कि यूपी से प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि के रूप में 25-25 लाख रुपये दिए जाएंगे। अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी व प्रमुख सचिव खेल ने बृहस्पतिवार को तैयारियों का जायजा भी लिया।

                            

स्वर्ण विजेता को दो करोड़, चांदी के लिए 1.5 करोड़, कांस्य पर एक करोड़

खिलाड़ी    पदक    राशि

नीरज चोपड़ा (जैवलिन थ्रो)    स्वर्ण    2 करोड़

रवि कुमार दहिया (कुश्ती)    रजत    1.5 करोड़

मीराबाई चानू (वेटलिफ्टिंग)    रजत    1.5 करोड़

बजरंग पूनिया (कुश्ती)    कांस्य    1 करोड़

पीवी सिंधू (बैडमिंटन)    कांस्य    1 करोड़

लवलीना (बॉक्सिंग)    कांस्य    1 करोड़

कांस्य जीतने वाली हॉकी टीम के हर खिलाड़ी को एक-एक करोड़

 

कांस्य जीतने वाली पुरुष हॉकी टीम के सभी खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ रुपये दिए जाएंगे। चौथे स्थान पर रहीं महिला हॉकी टीम के सभी खिलाड़ियों को 50-50 लाख रुपये दिए जाएंगे। पुरुष हॉकी टीम के चीफ कोच को 25 लाख, 10-10 लाख रुपये प्रति स्टाफ को दिया जाएगा। पहलवान दीपक पूनिया और गोल्फर अदिति अशोक को भी 50-50 लाख रुपये दिए जाएंगे।

ललित उपाध्याय को 1.25 करोड़ रुपये

हॉकी का कांस्य जीतने वाली टीम के खिलाड़ी वाराणसी के ललित उपाध्याय को कांस्य पदक के लिए एक करोड़ व प्रोत्साहन राशि के रूप में 25 लाख दिए जाएंगे। वहीं, महिला हॉकी खिलाड़ी मेरठ की वंदना कटारिया को 75 लाख मिलेंगे।

इन खिलाड़ियों को 25-25 लाख

प्रियंका गोस्वामी (मेरठ), शिवपाल सिंह (चंदौली), सौरभ चौधरी, सीमा पूनिया व अन्नू रानी (सभी मेरठ), मेराज अहमद खान, सतीश कुमार व अरविंद सिंह (सभी बुलंदशहर)।

 

 

Latest News

World News